लटेरीनई हलचल अशोक मीना। आज थाना प्रभारी लटेरी एवं थाना स्टाफ द्वारा कस्बा लटेरी में भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान सड़क पर ठेले लगाने वाले एवं दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को समझाइश दी गई कि सड़क पर अतिक्रमण न करें तथा आवागमन बाधित न होने दें।
साथ ही चाय की दुकानों एवं कैफे संचालकों को निर्देश दिए गए कि दुकानों के अंदर बनाए गए निजी केबिनों को बंद रखें तथा दुकानों पर अनावश्यक रूप से लोगों को बैठाकर भीड़ एकत्रित न होने दें। सभी दुकानदारों को व्यवस्था बनाए रखने एवं आमजन के सुगम आवागमन में सहयोग करने हेतु निर्देशित किया गया।
इसी के साथ आमजन ने पुलिस से 2 अन्य जगहों पर भी कार्यवाही की मांग की है –
1. बस स्टैंड पर शराबखोरी से आमजन परेशान –
बस स्टैंड पर शाम होते ही शराब पीने वालों का जमावड़ा लग जाता है। नशे में गाली-गलौज और हुड़दंग से बस का इंतजार कर रहे आम यात्रियों, महिलाओं व छात्राओं को भारी परेशानी होती है।
2. धुलाई सेंटरों से विवाद का डर –
धुलाई सेंटर वाले रोड किनारे ही गाड़ी धोते हैं, जिससे कीचड़ वाला गंदा पानी राहगीरों पर उछलता है। कपड़े गंदे होने पर आए दिन कहासुनी होती है, किसी दिन बड़े विवाद का डर बना हुआ है।
जनता को उम्मीद है कि थाना लटेरी पुलिस इन दोनों जगहों पर भी इसी तरह सख्त एक्शन लेगी









