अर्णव का असर : पूरे मध्यप्रदेश में झमाझम बारिश, ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, मंडियों में भीगा अनाज, पांढुर्णा में भीगी मक्का

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोपालनई हलचल। चक्रवात अर्णव का असर पूरे मध्यप्रदेश में देखने को मिल रहा है। बुधवार आधी रात से ही प्रदेश के मौसम ने करवट ले ली और गुरुवार को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में घने बादल, ठंडी तेज हवाएं और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है।

मौसम विभाग का अलर्ट –
मौसम विभाग भोपाल के अनुसार सिंगरौली, सीधी और मऊगंज में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं रीवा, सतना, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सागर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, कटनी और जबलपुर में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट है।

सिंगरौली, सीहोर, रायसेन, मैहर, दमोह में हल्की बारिश –
सिंगरौली में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, वहीं सीहोर, रायसेन, मैहर और दमोह में भी सुबह से बूंदाबांदी का दौर चला। इन जिलों में बादल छाए रहने से दिन में भी अंधेरा छाया रहा। किसानों और आम लोगों को ठंडी हवाओं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।

विदिशा – लटेरी, सिरोंज में आधी रात से असर –
विदिशा जिले में आधी रात से ही ठंडी तेज हवाएं चलने लगीं। लटेरी और सिरोंज में सुबह से बादल और हल्की बारिश का दौर जारी रहा। सिरोंज में बारिश की संभावना 65% दर्ज की गई। लटेरी नगर सहित ग्रामीण इलाकों में ठंड काफी बढ़ गई है।

पांढुर्णा  में भीगी मक्का, मंडियों में भीगा अनाज –
पांढुर्णा में बारिश के कारण खुले में रखी मक्का भीग गई। किसान अपनी मक्का की ट्रालियों को तिरपाल और पन्नी से ढकते नजर आए। इसी तरह प्रदेशभर की मंडियों में भी यही हाल रहा। विदिशा, गंजबासौदा, लटेरी, सिरोंज, भोपाल की करोंद मंडी, इंदौर की संयोगितागंज मंडी, ग्वालियर, सागर और जबलपुर की मंडियों में धान, सोयाबीन,  और मक्का भीग गया। किसान अपनी ट्रालियों को ढकते नजर आए, कई जगह किसान रातभर ट्रालियों के पास ही डटे रहे। मंडी परिसर में कीचड़ और पानी भर जाने से आवक भी प्रभावित हुई।

इंदौर-उज्जैन-ग्वालियर में भी बदला मौसम –
इंदौर, उज्जैन, देवास, रतलाम, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, गुना और नर्मदापुरम संभाग में भी बादल और ठंडी हवाओं का असर रहा। जबलपुर संभाग के कटनी, सिवनी और छिंदवाड़ा में भी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक प्रदेश में अर्णव का असर बना रह सकता है। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपने अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें और खुले में न छोड़ें। प्रशासन ने जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें