महिला थी आज व्रत बच्चों का रो रो के बुरा हाल ग्वालियर नई हलचल
। करवा चौथ का पावन पर्व जिस दिन पत्नियां पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती हैं, उसी दिन ग्वालियर में एक पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। महिला ने सुबह से करवा चौथ का व्रत रखा था, लेकिन गुरुवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ा कि पति आनंद ने पत्नी मधु श्रीवास्तव के सिर पर मसाला कूटने वाली मूसली से कई वार कर दिए। इससे मधु की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर में डिफेंस स्कूल के पास की है। वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
आरोपी ने खुद खोला पुलिस को घर का दरवाजा
जानकारी के अनुसार, आरोपी के घर से कुछ दूरी पर रहने वाले आकाश राणा ने बताया कि उसे थाने से फोन आया था कि उसके इलाके में कोई घटना हुई है। सूचना मिलने के बाद वह पुलिस के साथ काफी देर तक त्यागी नगर में तलाश करता रहा।
इस दौरान आरोपी पति लगातार फोन पर पुलिस के संपर्क में था। वह कह रहा था कि पुलिस के आने के बाद ही घर का दरवाजा खोलेगा। आकाश के मुताबिक, जब वह पुलिस के साथ घर के अंदर पहुंचा, तब मधु की हत्या हो चुकी थी।
आशंका है कि आरोपी पति ने पहले पत्नी का गला घोंटा, फिर मूसली से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे सिर बुरी तरह कुचल गया था। आकाश ने बताया कि आरोपी पहले एक कुत्ते को भी मार चुका है।
प्रेम विवाह के बाद भी हत्या का कदम
जानकारी के मुताबिक, आनंद और मधु ने 2010 में प्रेम विवाह किया था। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं। बच्चे अभी बात करने की स्थिति में नहीं हैं, इसलिए पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह पता नहीं चल सकी है।
कहा ये भी जा रहा है कि आनंद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।








