सकुशल पिता को सौंपा तो छलक उठीं खुशियां
विदिशा थाना आनंदपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत तत्परता, संवेदनशीलता और सूझबूझ का परिचय देते हुए हाट बाजार में परिजनों से बिछड़े 4 वर्षीय मासूम को महज एक घंटे के भीतर तलाश कर सकुशल उसके पिता के सुपुर्द किया। मासूम के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति अपने 4 वर्षीय पुत्र के साथ हाट बाजार करने आनंदपुर आया था। इस दौरान पिता सब्जी लेने गया, तभी मासूम कहीं चला गया। काफी तलाश करने के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो चिंतित पिता ने थाना आनंदपुर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
मासूम के लापता होने की सूचना मिलते ही थाना आनंदपुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस बल ने हाट बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में तलाश की तथा कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस के लगातार प्रयासों से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मासूम को आरोन रोड से रोते हुए सकुशल खोज निकाला गया।
पुलिस ने मासूम को सुरक्षित उसके पिता के सुपुर्द किया। अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर पिता की चिंता दूर हुई और परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक परिवार की खुशियां लौट आईं।








