गुना नई हलचल प्रभात किरण जोशी । गुना जिले के कैंट थाना इलाके के बरखेड़ा ढेकनी गांव में पुलिस ने बुधवार रात गांजे की खेती पर बड़ी कार्रवाई की है। खेत में फसल के बीच में 1.31 क्विंटल गांजे के पौधे उगा रखे थे। पुलिस ने मौके से गांजे के 299 पौधे जब्त किए हैं। साथ ही 7 किलो से ज्यादा सूखा गांजा भी बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपए आंकी गई है।कैंट पुलिस ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा ढेकनी में पहलवान सिंह यादव नाम के व्यक्ति ने अपने खेत में अन्य फसल के बीच गांजे के पौधे लगा रखे हैं। अवैध गांजे की खेती की सूचना पर कैंट थाने से पुलिस की एक टीम मुखबिर द्वारा बताई गई जगह पर रवाना हुई।पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां खेत में बने घर पर एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम पहलवान सिंह पिता भैयालाल यादव उम्र 39 वर्ष निवासी ग्राम बरखेड़ा ढेकनी बताया।पुलिस टीम द्वारा खेत में आसपास जांच करने पर भारी संख्या में गांजे के हरे पौधे उगे हुए मिले। साथ ही मौके पर चार कटे हुए सूखे पौधे भी रखे मिले। इसके अलावा एक प्लास्टिक की पॉलीथिन में सूखा हुआ गांजा भी बरामद हुआ।पुलिस टीम ने मौके पर गांजे के पौधों को उखड़वाकर उनकी गिनती और वजन कराया गया, जिसमें हरे गांजे के 295 पौधे और चार सूखे पौधे, कुल 299 पौधे बरामद हुए। इनका कुल वजन 131.440 किलोग्राम पाया गया। वहीं पॉलीथिन में रखे सूखे गांजे का वजन 7.040 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस द्वारा बरामद गांजे के सभी पौधों एवं सूखे गांजे को विधिवत जब्त कर लिया। साथ ही आरोपी पहलवान सिंह यादव को गिरफ्तार किया गया और उसके विरुद्ध थाना कैंट में अपराध क्रमांक 994/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है








