देवास में रफ्तार का कहर: बेकाबू कार ने 3 को कुचला, दो महिलाओं समेत बुजुर्ग की मौत, गांव में मातम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देवास नई हलचल । रविवार सुबह उदयनगर-इंदौर रोड पर ग्राम दड़ (जूनापानी) में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। इंदौर की ओर से आ रहे बेकाबू कार वाहन ने घर के बाहर बैठे बुजुर्ग और सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीनों की मौत हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।सुबह करीब 10.30 बजे वाहन क्रमांक MP 09 DA 2727 तेज रफ्तार में इंदौर से उदयनगर की ओर आ रहा था। ग्राम दड़ के पास चालक का वाहन पर से नियंत्रण बिगड़ गया। वाहन ने पहले सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं को टक्कर मारी, इसके बाद घर के बाहर कुर्सी पर बैठे बुजुर्ग को रौंदते हुए आंगन में घुस गया और सामने की संरचना तोड़ते हुए नीम के पेड़ से टकराकर रुक गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान – हादसे में ग्राम दड़ निवासी शंकर पिता मोहन मंडलोई (80), देवनालिया निवासी जमुनाबाई पति सोहन माली (45) और ग्राम दड़ निवासी मन्नूबाई पति घनश्याम सोलंकी (40) की मौत हुई है। जमुनाबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शंकर और मन्नूबाई को उपचार के लिए इंदौर के इंडेक्स अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

चालक पिकनिक से लौट रहा था – चालक की पहचान धर्मेंद्र जैन (45) निवासी इंदौर के रूप में हुई है। वह वाहन में अकेला था। ग्रामीणों ने चालक को वाहन से बाहर निकालकर पुलिस को सौंपा। चालक भी घायल हुआ है, उसे बागली अस्पताल भेजा गया। वाहन में पिकनिक के दौरान खाना बनाने के बर्तन मिलने से बताया जा रहा है कि चालक इंदौर से पिकनिक मनाने उदयनगर आया था।

पुलिस जांच में जुटी – सूचना मिलने पर उदयनगर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अभिनव शुक्ला ने बताया कि बागली स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। चालक पुलिस हिरासत में है, उसका मेडिकल टेस्ट कराया गया है। प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

एक ही हादसे में तीन मौतों से गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर भारी नाराजगी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें