धार/बदनावर नई हलचल। फोरलेन पर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। कार में सवार पांच दोस्तों में से चार जिंदा जल गए और एक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा रविवार देर रात करीब 11:30 बजे महू-नीमच फोरलेन पर सदलपुर थाना क्षेत्र में हीरा ढाबा के सामने पुलिया के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार कार में पांच युवक सवार थे, जो सांवरिया सेठ मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। सभी सागौर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिया पार करते समय अचानक चालक साइड का टायर फट गया। टायर फटते ही कार अनियंत्रित होकर पलटी, आग लग गई और पुलिया के नीचे गड्ढे में जा गिरी।
आग इतनी भीषण थी कि कार के अंदर बैठे चार युवक बाहर नहीं निकल सके। मौके पर ही उनकी जलकर मौत हो गई। वहीं एक युवक किसी तरह कार से बाहर निकल गया, लेकिन वह भी 35 से 40 प्रतिशत तक झुलस गया।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान भीम धाकड़ (20), चेतन धाकड़ (20), आदित्य तिवारी (20) और अभिषेक सोलंकी (19) के रूप में हुई है। घायल युवक तुषार मांडलोई (20) को पहले धार जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया। एएसपी धार पारुल बेलापुरकर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रात में फोरलेन पर हुए इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक साथ चार युवा दोस्तों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन दोस्तों की अर्थी 1 साथ निकली तो ये मार्मिक दृश्य देख कर हर किसी के आंसू निकल आए









