गंजबासौदा नई हलचल
सैण्ट एस.आर.एस पब्लिक हायर सैकण्डरी स्कूल में रा.से.यो. के तत्वावधान में ‘ई-वेस्ट अवेरनेस’ (इलेक्ट्रॉनिक कचरा जागरूकता) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को ई-वेस्ट के दुष्प्रभावों तथा इसके वैज्ञानिक प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। विद्यालय की संगीत टीम द्वारा माँ सरस्वती की वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए ई-वेस्ट का सही प्रबंधन जरूरी
प्राचार्य उमेश कुमार यादव
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यालय के प्राचार्य उमेश चन्द्र यादव ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें इस विषय पर बेहद गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। आज हम किस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, वर्तमान समय में हमारे दैनिक जीवन में इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का उपयोग बहुतायत में होने लगा है। आज शायद ही कोई ऐसा घर या क्षेत्र बचा हो जहाँ इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का उपयोग न हो रहा हो।
इन आधुनिक उपकरणों के उपयोग के बाद जब वे खराब हो जाते हैं, तो उनके अनुचित निस्तारण से पर्यावरण को भारी नुकसान पहुँचता है। यदि हमने समय रहते इसके निस्तारण और प्रबंधन के लिए संतुलित एवं प्रभावी नीति नहीं अपनाई, तो आने वाले समय में हमें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसलिए समाज में ई-वेस्ट के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है।
कचरे के सही वर्गीकरण और संग्रहण की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम अधिकारी के. पी सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को ‘बेस्ट मटेरियल’ और ई-वेस्ट के सही प्रबंधन के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने निर्देश दिए कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे (E-Waste) को काले रंग के डस्टबिन में ही समूहीकृत कर संग्रहित किया जाए, जिससे कूड़ा वाहन द्वारा इसका उचित रूप से निस्तारण करने में पूरी सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही, कार्यक्रम में सूखे कचरे, गीले कचरे और मेडिकल वेस्ट को अलग-अलग निर्धारित डस्टबिन में डालने के तौर-तरीकों की भी व्यावहारिक जानकारी दी गई ताकि स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन दोनों को बनाए रखा जा सके।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रजनी गुप्ता ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक गोविंद सिंह कुशवाह, अजय विश्वकर्मा, गौरव जैन, सोनू राय, प्रियंका अग्रवाल, श्रीमती मेघना मैम सहित समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे









