अनूपपुर नई हलचल। जिले के चचाई थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन से लौट रही श्रद्धालुओं की पिकअप को मानव रहित रेल फाटक पर मालगाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मालगाड़ी पिकअप को करीब 100 मीटर तक घसीटती रही। हादसे में पिकअप में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कर पिकअप वाहन से लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चचाई थाना क्षेत्र के मानव रहित रेल फाटक पर पिकअप जैसे ही पटरी पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रही मालगाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार लोग उसमें फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही चचाई थाना पुलिस और रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पिकअप से बाहर निकाला गया और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान की जा रही है। अन्य घायलों का उपचार जारी है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फाटक पर न तो गेटमैन था और न ही कोई सुरक्षा व्यवस्था, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने मानव रहित फाटक पर आए दिन होने वाले हादसों को लेकर रेलवे प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि विसर्जन जैसे त्योहार के समय भी फाटक पर कोई व्यवस्था नहीं की गई थी, जो लापरवाही को दर्शाता है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे अधिकारियों को भी सूचना दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है और त्योहार की खुशी मातम में बदल गई









