टीकमगढ़: बेटे के सामने पिता को गोलियों से छलनी किया, पेट और दोनों पैरों में लगी गोली, अस्पताल में मौत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टीकमगढ़ नई हलचल टीकमगढ़ जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र में पुराने जमीन विवाद ने खूनी अंजाम ले लिया। बेटे के सामने ही पिता तुलसी अहिरवार (50) को गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया है।

पेट, बाएं पैर की जांघ और दाएं पैर में लगी गोली

डॉक्टर विजय जैन ने बताया कि तुलसी अहिरवार के पेट, बाएं पैर की जांघ और दाएं पैर में गोली लगी थी। डॉ. बृजेश कुमार के मुताबिक अस्पताल लाए जाने के समय वे लगभग अचेत अवस्था में थे।

जांच में पेट के दाईं ओर गोली लगने और पीछे से निकलने के निशान मिले। दोनों जांघों में भी गोली लगी थी। उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, लेकिन गंभीर हालत के कारण उनकी मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

2004 में जमीन विवाद को लेकर हुई थी मारपीट

टीआई मनीष मिश्रा के मुताबिक, 2004 में जमीन को लेकर तुलसी अहिरवार और आरोपी शिवाजी ठाकुर के पिता तुलसी ठाकुर के परिवारों के बीच मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों पर केस दर्ज हुए थे। इसके बाद तुलसी ठाकुर अपने परिवार के साथ टीकमगढ़ की भगत नगर कॉलोनी में रहने लगे, लेकिन दिगौड़ा आते-जाते रहते थे। पुलिस पुराने केस के रिकॉर्ड खंगाल रही है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय तुलसी अहिरवार अपने बेटे के साथ मौजूद थे। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगते ही तुलसी जमीन पर गिर पड़े। बेटा चीखता रहा, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। बेटे के सामने पिता की हत्या से पूरा गांव सदमे में है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि 3 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें