हम मर जाएंगे, गाड़ी रोक दो…’ पिता-पुत्र की गुहार भी नहीं पिघला सकी सनकी चालक का दिल, ग्रामीणों ने पीछा कर लोनी फाटे पर बचाई जान
धार/कुक्षी नई हलचल। कुक्षी के सुतार मोहल्ला में रात एक सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। तेज रफ्तार कार चालक ने पहले पैदल जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मारी, विरोध करने पर मारपीट की और फिर जान से मारने की नीयत से पिता-पुत्र को कार के बोनट पर करीब 4 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया।
घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ बीएनएस की 4 धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
कैसे हुई घटना
फरियादी बाबूलाल निवासी सिर्वी मोहल्ला, खेती-किसानी का काम करते हैं। वे पैदल ही कॉलोनी के पास अपने खेत की तरफ जा रहे थे। जब वे वार्ड क्रमांक 02 की मुख्य रोड सुतार मोहल्ला पहुंचे, तो कॉलोनी की तरफ से आ रही कार क्रमांक MP13-ZL-8063 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, उक्त घटना कुक्षी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 स्थित सुतार मोहल्ले की है। फरियादी बाबूलाल भूराजी रात में पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान कार के चालक ने उनके पैर में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मारपीट, बेटे ने फोटो खींची तो बढ़ा दी रफ्तार
टक्कर लगने के बाद जब बाबूलाल ने चालक से ठीक से गाड़ी चलाने को कहा, तो आरोपी कार से नीचे उतरा और उनके साथ मारपीट करने लगा। इतने में बाबूलाल का बेटा भारत भी मौके पर पहुंच गया।
जब भारत ने आरोपी की हरकत का फोटो खींचने की कोशिश की, तो गुस्साए चालक ने गाड़ी को फुल रेस में आगे बढ़ा दिया। जान से मारने की नीयत से मारी गई इस टक्कर से पिता और पुत्र दोनों कार के बोनट पर जा गिरे।वह कार की फोटो खींच रहा था, तभी चालक ने अचानक गाड़ी आगे बढ़ा दी। इससे बाबूलाल और भारत बोनट पर जा गिरे। इसके बाद चालक ने कार रोकने के बजाय रफ्तार बनाए रखी और पिता-पुत्र को बोनट पर लटकाए आगे बढ़ता रहा।
‘हम मर जाएंगे, प्लीज गाड़ी रोक दो…’
बोनट पर फंसे पिता-पुत्र लगातार चालक से गाड़ी रोकने की गुहार लगाते रहे – ‘हम मर जाएंगे, गाड़ी रोक दो…’। पिता-पुत्र खुद को संभालने के साथ मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन कार की रफ्तार कम नहीं हुई।
रास्ते में पीड़ित के मोहल्ले के रहने वाले धर्मेंद्र पिता ओंकारजी काग, जयदीप गुंजाल और अन्य कई लोग पीछे से आए और उन्होंने लोनी फाटा के पास कार को रुकवाकर किसी तरह दोनों की जान बचाई।
ग्रामीणों ने पीछा कर लोनी फाटे के पास वाहन रुकवाया और दोनों को बचाया। करीब चार किलोमीटर बाद लोनी फाटे के पास वाहन रुकवाया जा सका।
दोनों घायल, गंभीर चोटें
घटना में बुजुर्ग बाबूलाल के सीधे हाथ की उंगलियों, पंजे, सीधे पैर के घुटने और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं उनके बेटे भारत के दाहिने हाथ की कलाई, पहली उंगली और बाएं घुटने पर चोटें लगी हैं।
नशे में होने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, कार सवार लोग इंदौर से डही में रिश्तेदारों से मिलने आए थे और रात में वापस लौट रहे थे। ग्रामीणों ने चालक के शराब के नशे में होने की बात कही है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले में जांच जारी है।
घटना के बाद घायलों ने थाने पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है









