राघौगढ़ / गुना नई हलचल प्रभात किरण जोशी। गुना जिले के राघौगढ़ निवासी मेडिकल छात्र सूरज सैनी का रूस में हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया। सूरज रूस में एम बी बी एस की पढ़ाई कर रहा था। उसका पार्थिव शरीर मॉस्को से दिल्ली पहुंच चुका है। जिला प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस के माध्यम से पार्थिव शरीर को गृह नगर राघौगढ़ लाया जा रहा है। गुरुवार की रात तक शव राघौगढ़ पहुंचने की संभावना है, शुक्रवार की सुबह उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बस स्टॉप पर आया था सीने में दर्द सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सूरज बस स्टॉप पर बस के इंतजार में खड़ा हुआ था। इसी दौरान उसके सीने में अचानक तेज दर्द हुआ। वहां मौजूद साथी लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में भर्ती होते ही उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन वह सर्वाइव नहीं कर सका और उसने दम तोड़ दिया।
सूरज के निधन की खबर मिलते ही राघौगढ़ में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने सिंधिया से लगाई थी गुहार बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र के प्रवास पर 16 अक्टूबर को अशोकनगर जिले आए हुए थे। इसी दौरान सूरज के परिजनों ने केंद्रीय मंत्री से मदद की गुहार लगाई थी।केंद्रीय मंत्री ने इलाज के लिए हर संभव मदद का प्रयास किया, लेकिन तब तक सूरज ने दम तोड़ दिया था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री सिंधिया के प्रयासों से ही छात्र सूरज सैनी का पार्थिव शरीर मॉस्को से दिल्ली पहुंच सका। पिता नगरपालिका में, मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सूरज सैनी के पिता राजकुमार सैनी नगरपालिका में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। बेटे के सपने को पूरा करने के लिए परिवार ने बड़ी मेहनत से उसे रूस पढ़ने भेजा था। डॉक्टर बनने का उसका सपना अधूरा रह गया।
पहले भी मदद कर चुके हैं सिंधिया
बता दें कि इसके पहले भी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा गुना जिले की बेटी साक्षी ओझा के इलाज के लिए 14 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन दुर्भाग्यवश विगत दिनों साक्षी ओझा ने काफी लंबे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।राघौगढ़ में शुक्रवार को सूरज का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है









