कोटा(राजस्थान) नई हलचल। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान मंगलवार शाम कोटा में बड़ा हादसा हो गया। 80 फीट रोड स्थित स्टील ब्रिज के पास चंबल की दायीं मुख्य नहर कोटड़ी नहर में नाव पलटने से 4 युवक तेज बहाव में बह गए।
बताया जा रहा है कि विज्ञान नगर के संजय नगर से 6-7 लोग दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए नाव में सवार होकर नहर में उतरे थे। नहर के बीचोंबीच पहुंचते ही अचानक नाव पलट गई। नाव पलटते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव की कोशिश की।
इस दौरान माला कंवर, दीपक और नाविक तैरकर सुरक्षित बाहर आ गए, जबकि 4 युवक नहर के तेज बहाव में लापता हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही नगर निगम की गोताखोर टीम, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और पुलिस मौके पर पहुंची और लापता युवकों की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। नहर में पानी का बहाव तेज होने से तलाशी में परेशानी आ रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रात में ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया, अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और लापता युवकों की तलाश तेज करने के निर्देश दिए। बिरला ने हादसे पर गहरा दुख जताया है।
उद्योग नगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दूसरे दिन भी तलाश जारी









