लटेरी में धूमधाम से मना विजयादशमी पर्व, 51 फीट के रावण का हुआ दहन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लटेरी नई हलचल अशोक मीना।, विजयादशमी के पावन पर्व पर लटेरी के मेला ग्राउंड में भव्य रावण दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ। नगर परिषद लटेरी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में बड़ी मदागन के संत श्री श्री 108 कल्याणदास जी महाराज एवं अन्य संतजन उपस्थित रहे। संतजनों ने अपने अमृत वचनों से उपस्थित जनसमुदाय को धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
विधायक उमाकांत शर्मा ने मोबाइल के माध्यम से दिया संदेश
सिरोंज-लटेरी क्षेत्र के विधायक उमाकांत शर्मा ने मोबाइल के माध्यम से मंच से उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि विजयादशमी मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की विजय का पर्व है। रावण विद्वान तो था, लेकिन अहंकारी भी था। उसके अहंकार के कारण ही लंका का विध्वंस और रावण का अंत हुआ, इसलिए जीवन में कभी अहंकार नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा अहंकार नहीं करती, वह सत्य, सनातन संस्कृति और सभी समाजों को साथ लेकर चलती है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सनातन संस्कृति को मानने वाले हैं और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर चलते हुए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं।

विधायक ने कहा कि आज पूरा देश विजयादशमी मना रहा है, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भगवान श्री राम और सनातन धर्म पर सवाल उठा रहे हैं। जिन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए कभी कोई आंदोलन या यात्रा नहीं निकाली, आज वही हिसाब मांगने के लिए यात्रा निकाल रहे हैं, यह उनकी दोगली सोच को दर्शाता है।

आतिशबाजी रही आकर्षण का केंद्र

दशहरा मैदान में की गई रंग-बिरंगी आतिशबाजी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। राम-रावण युद्ध के मंचन के दौरान पूरा मैदान “जय श्री राम” के नारों से गूंज उठा। अंत में बुराई के प्रतीक रावण का दहन कर सत्य की जीत का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को और भव्य बनाने के लिए लोकगीत एवं भजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने सुंदर प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएं नगर परिषद लटेरी द्वारा की गई थीं। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए लटेरी थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें