नटेरन नई हलचल । जिले के नटेरन थाना पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी को महज 48 घंटे के भीतर राजस्थान की राजधानी जयपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को पीड़िता द्वारा थाना नटेरन में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 17 सितंबर 2026 को वह गांव के समीप स्थित खेत पर गई थी, तभी गांव के ही निवासी सोनू बंजारा ने उसे पकड़कर जान से मारने की धमकी दी और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर थाना नटेरन में अपराध क्रमांक 273/2026, धारा 64(1), 79 एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी एवं एसडीओपी शिखा भलावी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नटेरन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने साइबर सेल विदिशा के सहयोग से तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। सघन प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को आरोपी को जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी – सोनू पिता नबलसिंह बंजारा, उम्र 24 वर्ष, निवासी थाना नटेरन, जिला विदिशा।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह थाना प्रभारी नटेरन, उप निरीक्षक गौरव रघुवंशी साइबर सेल, उप निरीक्षक शालिकराम प्रजापति, प्रधान आरक्षक नरसिंह यादव, आरक्षक धर्मेन्द्र अहिरवार, आरक्षक आधार सिंह यादव एवं महिला आरक्षक हिमांशु साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही









