देपालपुर नई हलचल कुलदीप सिंह। अखिल भारतीय क्षत्रिय कलौता समाज युवा संगठन के तत्वावधान में नगर में एक भव्य एवं ऐतिहासिक चुनरी यात्रा अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। स्थानीय श्री 24 अवतार मंदिर से प्रारंभ होकर यह धार्मिक यात्रा गोमटगिरि स्थित मां कालका मंदिर पहुंची, जहां समाजजनों ने माता रानी को विधि-विधान से चुनरी अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली, सुख और समृद्धि की मंगल कामना की।
यात्रा का शुभारंभ श्री 24 अवतार मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। इसके बाद ढोल-ढमाकों, डीजे और भजनों की धुन पर जयकारों के साथ चुनरी यात्रा आगे बढ़ी। यात्रा में समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति और युवा हाथों में चुनरी थामे श्रद्धाभाव से चल रहे थे। पूरे मार्ग में मां कालका के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पुष्पवर्षा कर हुआ जोरदार स्वागत
चुनरी यात्रा का मार्ग में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान युवा शक्ति संगठन, समाज के विभिन्न संगठनों एवं सर्व समाज के लोगों द्वारा मंच लगाकर पुष्पवर्षा की गई तथा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का जलपान व स्वल्पाहार से आत्मीय सत्कार किया गया। सामाजिक समरसता के साथ सभी वर्गों ने यात्रा का अभिनंदन किया।
गोमटगिरि स्थित मां कालका मंदिर पहुंचकर यात्रा धर्मसभा में परिवर्तित हुई, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता रानी को चुनरी ओढ़ाई गई और विधिवत महाआरती संपन्न हुई। आयोजन समिति ने यात्रा को सफल बनाने के लिए युवा शक्ति संगठन, समाज के विभिन्न संगठनों, सर्व समाज व सभी का आभार व्यक्त किया।









