अलग-अलग एक्टिविटी के विजेताओं को मिले पुरस्कार, 3 दिन ही लड़कियों ने मारी बाजी – विशेष पुरस्कार गरबा एड मॉडल मयूरी भार्गव को, आखिरी दिन अष्टमी पूजा के कारण कम रही भीड़ फिर भी आयोजकों में दिखा उत्साह
लटेरी। नई हलचल / डॉ. सोहन भार्गव
नगर में शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर केजी इवेंट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय गरबा महोत्सव 5.0 का भव्य समापन शानदार यादों और उल्लास के साथ हुआ। पिछले चार वर्षों से नगर में गरबा संस्कृति को नई पहचान दे रहे केजी इवेंट का यह पांचवा संस्करण भक्ति, संस्कृति और आधुनिकता के संगम के रूप में यादगार बन गया।
पहले दिन से ही उमड़ा जनसैलाब
महोत्सव का शुभारंभ साईं एंजिल कान्वेंट स्कूल, लटेरी के नन्हें-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से हुआ। विद्यालय इस वर्ष भी एजुकेशन पार्टनर के रूप में सहभागी रहा। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बच्चों को शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना ही उद्देश्य है। पहले दो दिन पंडाल में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी। पारंपरिक चनिया-चोली और कुर्ता-पायजामे में सजे प्रतिभागी देर रात तक ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते रहे।
इस वर्ष महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण रहे फिल्म ‘अंश हनुमान’ के बाल कलाकार सात्विक शर्मा। मंच पर आयोजन समिति द्वारा उनका सम्मान किया गया। सात्विक को देखने और मिलने के लिए युवाओं और बच्चों में खासा क्रेज देखने को मिला।
आखिरी दिन अष्टमी पूजा से कम रही भीड़, पर उत्साह बरकरार
आयोजकों ने बताया कि तीसरे और अंतिम दिन अष्टमी पूजा, कन्या पूजन और हवन के कारण अपेक्षाकृत कम लोग पंडाल पहुंचे, बावजूद इसके गरबा प्रेमियों का जोश और आयोजकों का उत्साह पूरे समय बना रहा। आयोजन स्थल पर भव्य डेकोरेशन, हाई क्वालिटी साउंड सिस्टम, आकर्षक लाइटिंग, सेल्फी पॉइंट, फोटो कॉर्नर और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। 
लड़कियों ने मारी बाजी, अलग-अलग एक्टिविटी में मिले पुरस्कार
लड़कियों ने मारी बाजी, अलग-अलग एक्टिविटी में मिले पुरस्कारतीन दिवसीय महोत्सव में प्रतिदिन गरबा, बेस्ट कपल, बेस्ट ग्रुप, बेस्ट किड्स और बेस्ट डांस सहित अलग-अलग एक्टिविटी में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस पूरे महोत्सव की सबसे खास बात यह रही कि तीनों दिन लड़कियों ने बाजी मारी और अधिकांश प्रथम पुरस्कारों पर कब्जा जमाया। निर्णायक मंडल ने प्रतिदिन विजेताओं का चयन कर उन्हें ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया। समापन दिवस पर सभी फाइनल विजेताओं को मेगा पुरस्कार वितरित किए गए।
विशेष पुरस्कार मयूरी भार्गव को
आयोजन समिति द्वारा विशेष पुरस्कार मयूरी भार्गव को प्रदान किया गया। मयूरी ने 2 दिन अपनी शानदार गरबा प्रस्तुतियों, उत्कृष्ट वेशभूषा और आत्मविश्वास से निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया। ज्ञात हो कि मयूरी भार्गव गरबा एड मॉडल भी रह चुकी हैं और नगर की सांस्कृतिक गतिविधियों में हमेशा सक्रिय रहती हैं।
केजी इवेंट के आयोजकों ने नगर के सभी गरबा प्रेमियों, माताओं-बहनों, युवाओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगरवासियों के प्यार और सहयोग से ही हम लगातार पांचवे वर्ष इस आयोजन को और बड़े स्तर पर कर पाए हैं









