गंज बासौदा नई हलचल
सैण्ट एस आर एस पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में ‘विश्व खाद्य दिवस’ के अवसर पर खाद्यान्न सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र /छात्राओं और समाज में भोजन के महत्व को समझाना तथा भोजन की बर्बादी को रोकना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ रा.से.यो. बालिका वर्ग कार्यक्रम अधिकारी, श्रीमती रजनी गुप्ता , व्याख्याता डॉक्टर विजय कुमार जैन, गौरव जैन एवं सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं राधिका दांगी एवं वैष्णवी राजपूत ने मनमोहक सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवक यतिन दुबे ने ऊर्जावान अंदाज में रा.से.यो. का लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रा.से.यो. बालक इकाई के कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण पाल सिंह चौहान ने छात्र/ छात्राओं को खाद्यान्न के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि हमें इतिहास से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा, कि आज भी दुनिया में कई ऐसे लोग हैं जिन्हें दोनों समय का भरपेट भोजन मिल पाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में हमें भोजन के प्रति सम्मान और ‘भोजन मंत्र’ जैसे संस्कारों का अपने जीवन में महत्व देना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से अपील की कि शादी-विवाह या अन्य आयोजनों के दौरान अपनी थाली में उतना ही
आवश्यकतानुसार भोजन लें, जिससे बर्बादी न हो।
कार्यक्रम में वक्ता के रूप में डॉ. विजय कुमार जैन ने कहा कि हमें भोजन की फिजूलखर्ची से बचना चाहिए। यदि किसी आयोजन में भोजन बच जाता है, तो उसे फेंकने के बजाय पेड़-पौधों में डालने या पशुओं को खिलाकर उसके अपव्यय को रोकना चाहिए, ताकि भोजन का सही सदुपयोग हो । श्रीमती रजनी गुप्ता ने विभिन्न व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से छात्रों को भोजन की बर्बादी से रक्षा करने और इसके संरक्षण के अनूठे उपाय बताए। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे भोजन के एक भी दाने की बर्बादी न होने दें।
कार्यक्रम का अत्यंत सफल और सराहनीय संचालन रा.से.यो. स्वयंसेवक विकास मीना द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के गौरव जैन, प्रियंका अग्रवाल, मनोज श्रीवास्तव, गोविंद कुशवाह, रंजू राठौर, विक्रम सिंह लोधी, सुपार्श्व जैन, सोनू राय, सत्यम बबेले सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









