रघुवंशी क्षत्रिय परिषद द्वारा सामूहिक शस्त्र पूजन विजयदशमी पर रघुवंशी धर्मशाला में

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गंजबासौदा नई हलचल। विजयादशमी पर शौर्य, साहस और धर्म की रक्षा के संकल्प के साथ रघुवंशी समाज जिलेभर में शस्त्र पूजन करेगा। अखिल भारतीय अखंड रघुवंशी क्षत्रिय परिषद के तत्वावधान में लगातार दूसरे वर्ष ‘विजयोल्लास-2’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे बरेठ रोड स्थित रघुवंशी धर्मशाला में होगा। इस पहल के माध्यम से समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
रघुवंशी समाज की युवा इकाई के जिला अध्यक्ष इंजीनियर रविंद्र रघुवंशी ने बताया कि विजयोल्लास-2 का आयोजन पूरे विदिशा जिले में एक साथ किया जा रहा है। आयोजन का यह दूसरा वर्ष है। विजयादशमी का पर्व शस्त्र पूजन के लिए विशेष महत्व रखता है। यह परंपरा शक्ति के सदुपयोग, अन्याय के प्रतिकार और धर्म की रक्षा के संकल्प से जुड़ी है। आयोजन का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ युवाओं में अपनी संस्कृति, इतिहास और परंपराओं के प्रति गौरव का भाव जागृत करना है।
परिषद का प्रयास है कि इस परंपरा के माध्यम से युवा पीढ़ी अपने पूर्वजों के इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों को समझे। समाज में आपसी सहयोग, संगठन और एकजुटता की भावना मजबूत हो तथा नई पीढ़ी अपनी विरासत को केवल इतिहास के रूप में नहीं, बल्कि जीवन में अपनाए जाने वाले संस्कारों के रूप में देखे।
दूसरे वर्ष जिलेभर में आयोजन की पहल
मालूम हो कि अखिल भारतीय अखंड रघुवंशी क्षत्रिय परिषद द्वारा पिछले वर्ष विजयादशमी पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। अब दूसरे वर्ष ‘विजयोल्लास-2’ के माध्यम से इस पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है। जिले भर में आयोजन की पहल का उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस परंपरा से जोड़ना और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। इससे स्थानीय स्तर पर समाज के लोगों को एक साथ आकर अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण का अवसर मिलेगा। परिषद ने सभी स्वजातीय बंधुओ से विजयदशमी पर शस्त्र पूजन के लिए अपने-अपने शस्त्रों के साथ उपस्थित रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें