छात्रावास के लिए विधायक ने भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की
वंचितों के उत्थान के लिए सेवा भारती के साथ मिलकर काम करने की संभावनाएं तलाश रहा विभाग
निर्मला भूरिया गंजबासौदा नई हलचल/“सेवा भारती वंचित और जरूरतमंद वर्गों के बीच सेवा कार्य कर रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग भी संस्था के साथ मिलकर विचार कर रहा है कि महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों के लिए और क्या बेहतर किया जा सकता है।” प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने बुधवार को शहर में सेवा भारती द्वारा आयोजित 1100 कन्या पूजन कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। उन्होंने कन्याओं का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंत्री के वक्तव्य में सामाजिक संगठनों के सहयोग से जरूरतमंदों तक पहुंचने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की संभावनाओं पर जोर रहा। कार्यक्रम में छोटी-छोटी बालिकाओं को नौ देवियों के स्वरूप में सजाया गया। कन्या पूजन, कन्या भोज और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सेवा भाव का संदेश भी दिया गया।
मालूम हो कि सेवा भारती द्वारा नवरात्रि के उपलक्ष्य में शहरी बस्तियों में संचालित 15 केंद्रों की 1100 कन्याओं का सामूहिक पूजन कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में छोटी-छोटी कन्याओं के नवदुर्गा के 9 स्वरूप मंच पर विराजमान कराए गए वहीं छोटी-छोटी बच्चियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी प्रस्तुति मंच से दी गई। कार्यक्रम में मौजूद विधायक हरि सिंह रघुवंशी ने सेवा भारती के छात्रावास निर्माण के लिए ₹5लाख देने की घोषणा की। विधायक श्री रघुवंशी द्वारा पूर्व में स्वयं की ओर से 10 हजार स्क्वायर फीट भूमि छात्रावास निर्माण के लिए दी जा चुकी है। मंत्री निर्मला भूरिया ने सेवा भारती के सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जरूरतमंदों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना महत्वपूर्ण है। महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय से महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों के लिए और बेहतर काम करने की संभावनाएं हैं। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ महिला सशक्तीकरण, पोषण और बाल कल्याण के प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
उन्होंने सेवा कार्यों में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने के लिए मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सेवा भारती के राष्ट्रीय मंत्री रामेंद्र सिंह ने कहा कि सेवा भारती का मूल ध्येय “नर सेवा नारायण सेवा” है। इसी भाव के साथ संगठन देशभर में वंचित, अभावग्रस्त, उपेक्षित और जरूरतमंद वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यों को प्रोत्साहित कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और स्वावलंबन के माध्यम से जरूरतमंदों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना इन प्रयासों का प्रमुख उद्देश्य है। संगठन से जुड़े सेवा कार्यों का व्यापक नेटवर्क देश के 28 राज्यों में फैला है। उन्होंने बताया कि 35 हजार से अधिक सेवा परियोजनाओं, 500 से अधिक संबद्ध संगठनों और 32 हजार से अधिक सक्रिय स्वयंसेवक शिवकर में लगे हुए हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने छात्रावास के लिए दान दी 10 हजार वर्गफीट जमीन और भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपए घोषणा की
विधायक हरि सिंह रघुवंशी ने सेवा भारती के छात्रावास निर्माण के लिए करीब 8 वर्ष पूर्व 10 हजार वर्गफीट जमीन दान दी गई है। अब इसी जमीन पर भवन निर्माण के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपए देने की घोषणा भी विधायक श्री रघुवंशी द्वारा की गई है। छात्रावास निर्माण के लिए जमीन और आर्थिक सहयोग की यह पहल संस्था के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में विधायक हरि सिंह रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष शशि अनिल यादव, जनपद अध्यक्ष नीतू देवेंद्र सिंह रघुवंशी, खादी ग्राम उद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ राकेश सिंह जादौन, जिला पंचायत सदस्य गायत्री नरेंद्र सिंह रघुवंशी गुड्डा, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अंशलेखा रोहित भावसार, एसडीएम अनुभा जैन, एसडीओपी शिखा भलावी,सेवा भारती के जिला अध्यक्ष राजेश माथुर सहित अन्य पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन सेवा भारती के जिला सचिव मयंक टांक ने किया जबकि आभार नगर अध्यक्ष सावन अग्रवाल ने माना।









