कोतवाली पुलिस ने 4.10 लाख का मशरूका जप्त किया, स्टेडियम के पीछे रेलवे लाइन के पास हुई कार्रवाई
विदिशा नई हलचल। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ राजस्थान के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बाइक और मोबाइल सहित कुल 4 लाख 10 हजार रुपये का मशरूका जप्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली पुलिस कस्बा भ्रमण पर थी, तभी स्टेडियम के पीछे रेलवे लाइन वाले मार्ग पर तीन युवक पल्सर मोटरसाइकिल पर संदिग्ध अवस्था में दिखे। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी में उनके कब्जे से 30 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (कीमत 1 लाख) और दो एंड्राइड मोबाइल (कीमत 10 हजार) भी जप्त किए हैं। थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 683/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस रिमांड लेकर सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ करेगी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाल सिंह तंवर (23), करण सिंह तंवर (25) और सुनील तंवर (20) के रूप में हुई है। तीनों मोईकला, भालता, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य तस्करों के बारे में जानकारी दी है, जिस पर पुलिस तलाश कर रही है।यह कार्रवाई एएसपी मोनिका तिवारी और सीएसपी अतुल सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आनंद राज, निरीक्षक मोहर सिंह सहित टीम ने की है









