दिल्ली के सीमापुरी में चार मंजिला इमारत ढही, गर्भवती महिला समेत 4 की मौत, 8 घायल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ईदगाह मछली मंडी के पास हुआ हादसा, बगल की इमारत में चल रहे तोड़फोड़ के कंपन से गिरने की आशंका

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर। राजधानी दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईदगाह मछली मंडी के पास स्थित 25 वर्ग गज में बनी चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है, जबकि 8 लोग घायल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे हुआ। मलबे में दबने से 21 वर्षीय गुलफसा, जो चार महीने की गर्भवती थीं, और 12 वर्षीय बच्ची समेत 4 लोगों की मौत हो गई। घायलों की पहचान मोमिन मिर्जा, अब्दुल रहमान, सलमा, सकीना, समद सहित 8 लोगों के रूप में हुई है, जिनका इलाज ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में चल रहा है।

नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के डीएम अजय कुमार ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बगल की इमारत में तोड़फोड़ का काम चल रहा था। मशीनों से हुए कंपन के कारण इस जर्जर इमारत के गिरने की आशंका है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, NDRF, DDMA, MCD और CATS की टीमें मौके पर पहुंचीं। देर रात तक मलबा हटाने और फंसे लोगों की तलाश का काम जारी रहा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को बचाव कार्य तेज करने और घायलों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि इससे ठीक एक महीने पहले 6 सितंबर को सत्य निकेतन में भी एक इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत हुई थी।

दूसरी घटना: इसी दिन मुकुंदपुर इलाके में सिलेंडर ब्लास्ट से एक इमारत गिर गई, जिसमें 3 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें