विदिशा नई हलचल/ विदिशा पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी द्वारा मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं। जनसुनवाई के दौरान 20 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने शिकायतों की प्रकृति के अनुसार संबंधित थाना एवं शाखा प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मारपीट एवं पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न पुलिस संबंधी मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने प्रकरणों के तथ्यों के आधार पर संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तत्काल हस्तक्षेप वाले मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए मौके से ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
एस.पी काशवानी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता दी जाए तथा प्रत्येक आवेदन पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार रखते हुए पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आमजन की समस्या का समाधान पुलिस की प्राथमिकता
जनसुनवाई पुलिस एवं आमजन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रख रहे हैं और संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
विदिशा पुलिस आमजन की सुरक्षा, सेवा एवं विश्वास को प्राथमिकता देते हुए शिकायतों के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण के लिए निरंतर कार्यरत है।









