फोन पे से पेमेंट, वाट्स ऐप पर लोकेशन भेजकर होती थी सप्लाई; राजस्थान-राजगढ़ से विदिशा तक फैला था नेटवर्क
विदिशा नई हलचल। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत विदिशा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली और सिविल लाइन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 80 ग्राम ब्राउन शुगर सहित 2 मोटरसाइकिल, 1 इलेक्ट्रिक ऑटो, मोबाइल फोन और 11,640 रुपये नकद सहित कुल 12 लाख 81 हजार 640 रुपये का मशरूका जप्त कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई डीजीपी मध्यप्रदेश कैलाश मकवाना के आदेश पर आई जी भोपाल देहात रुचिवर्धन मिश्र, डी आईजी राजेश सिंह चंदेल के निर्देशन और एस पी रोहित काशवानी के मार्गदर्शन में की गई।
कोतवाली पुलिस ने पकड़ी 60 ग्राम ब्राउन शुगर –
कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 60 ग्राम ब्राउन शुगर जप्त की है।
पहले मामले में 3 अक्टूबर को इंडस्ट्रियल पार्क रोड, जांबर बागरी से मोर सिंह तंवर और नारायण कुशवाहा उर्फ बाबा से 20-20 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। अपराध क्र. 654/2026 धारा 8/21,29 NDPS एक्ट।
दूसरे मामले में ढोलखेड़ी, बैरसिया रोड से संदीप शर्मा और दिनेश मालवीय से 20 ग्राम ब्राउन शुगर और बाइक जप्त की गई। अपराध क्र. 650/2026। दोनों मामलों में करीब 8 लाख का माल जप्त हुआ।
सिविल लाइन पुलिस ने 20 ग्राम के साथ 8 को पकड़ा –
सिविल लाइन पुलिस ने भी दो मामलों में 20 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रिक ऑटो, अपाचे बाइक और 21,640 नकद सहित 4.81 लाख का माल जप्त कर 8 आरोपी पकड़े।
पहले केस में योगेश सिंह अहिरवार, सरदार सिंह अहिरवार, विमला बाई, मोहर तंवर निवासी खिलचीपुर और रामप्रसाद के खिलाफ अपराध क्र. 755/2026 दर्ज किया गया।
दूसरे केस में ऋतिक कुशवाहा, अभिषेक करण और कैलाश वाल्मीकि के खिलाफ अपराध क्र. 759/2026 दर्ज हुआ।
कैसे चलता था नेटवर्क –
जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी खुद भी नशा करते थे और नशे की लत के कारण ही इस धंधे में उतरे। कई आरोपी आपस में पारिवारिक रिश्तों से भी जुड़े हैं।
सप्लाई चेन राजस्थान के झालावाड़ से राजगढ़ के खिलचीपुर होते हुए विदिशा तक आती थी। यहां लोकल स्तर पर पुड़िया बनाकर बेची जाती थी।
आरोपी कॉन्टैक्टलेस डिलीवरी करते थे। ग्राहक से फोन पे पर पैसा लेते थे, फिर वाट्स ऐप पर कॉल और मैसेज से लोकेशन भेजते थे। ग्राहक के तय जगह पर पहुंचने पर पुड़िया थमा दी जाती थी। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल, वाट्स ऐप चैट, कॉल डिटेल और बैंक खातों की जांच कर रही है और खातों को फ्रीज करने की कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय भूमिका –
एडिशनल एस पी मोनिका तिवारी और सी एस पी अतुल सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली आनंद राज, सिविल लाइन प्रभारी राजपाल सिंह जादौन सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। एस पी रोहित काशवानी ने कहा कि सप्लाई चेन तोड़ने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस की अपील – नशे से जुड़ी कोई भी सूचना हेल्पलाइन 7587637635 या डायल-112 पर दें, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा









