एसपी ने स्कूल फॉर एक्सीलेंस में विद्यार्थियों को पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ, कहा- हेलमेट और सीट बेल्ट है सुरक्षा कवच

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विदिशा,नई हलचल । सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे सड़क सुरक्षा प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान (28 सितंबर से 08 अक्टूबर) के अंतर्गत आज शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (स्कूल फॉर एक्सीलेंस) विदिशा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि “हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं और यातायात नियमों का पालन करें। सुरक्षा सिर्फ नारा नहीं, जीने का सलीका है।”

एसपी श्री काशवानी ने विद्यार्थियों को नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने और स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ परिवार और परिचितों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर ऑटो रिक्शा में रेलिंग व सुरक्षा व्यवस्था, क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने और ऑटो चालकों के पुलिस सत्यापन जैसे बिंदुओं पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा राह-वीर योजना, कैशलेस उपचार योजना (गोल्डन ऑवर) और हिट एंड रन प्रतिकर योजना की भी जानकारी दी गई। एसपी ने कहा कि विदिशा पुलिस का उद्देश्य सिर्फ चालानी कार्रवाई नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात वातावरण बनाना है। इसमें पुलिस के साथ स्कूल प्रबंधन, वाहन संचालक और अभिभावकों की सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी है।

कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी आशीष राय, विद्यालय के प्राचार्य खजान सिंह, स्कूल स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें