भगवान श्री लव-कुश शोभायात्रा में पहुंचे सांसद भारत सिंह कुशवाह, बोले- भाजपा सरकार सबको साथ लेकर चलने वाली सरकार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अशोक मीणा
नई हलचल लटेरी। नगर में भगवान श्री लव-कुश जी की भव्य शोभायात्रा हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए मधुसूदनगढ़ रोड स्थित लव-कुश भवन पहुंची, जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में लव-कुश बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि सिरोंज-लटेरी क्षेत्र के विधायक उमाकांत शर्मा ने कुशवाह समाज से पवन कुशवाह को नगर परिषद लटेरी में एल्डरमैन बनाया है। जिस भूमि पर आज लव-कुश भवन बना है, वह विधायक जी की ही देन है। उन्होंने कहा कि सागर सांसद द्वारा तीन वर्ष पूर्व लव-कुश भवन के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की गई थी, जो अब तक प्राप्त नहीं हुई है।

मुख्य अतिथि ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने कुशवाह समाज को हमेशा सम्मान दिया है। बिहार में सम्राट चौधरी, उत्तर प्रदेश में केशव प्रसाद मौर्य और राजस्थान में दिया कुमारी कुशवाह को बड़ी जिम्मेदारियां दी गई हैं। मध्यप्रदेश के सागर में 10 करोड़ की लागत से बनने वाले भव्य लव-कुश मंदिर का भूमिपूजन हो चुका है। भाजपा सरकार ने लव-कुश बोर्ड का गठन किया है, जिसके अध्यक्ष को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया जाएगा।

सांसद भारत सिंह कुशवाह ने सागर सांसद द्वारा घोषित 10 लाख रुपये की राशि पर कहा कि मेरी उनसे बात हो गई है, यदि वह राशि नहीं आती है तो मैं स्वयं अपनी ओर से लव-कुश भवन के लिए 10 लाख रुपये दूंगा। उन्होंने समाज से संगठित और शिक्षित होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कुशवाह महासभा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष नरेश कुशवाह, ग्वालियर महिला अध्यक्ष कुसुम कुशवाह सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष मदन कुशवाह ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व जनपद सदस्य सरदार सिंह कुशवाह, डॉ. प्रकाश कुशवाह, तहसील अध्यक्ष पहलवान सिंह कुशवाह, रवि कुशवाह, पवन कुशवाह, कालूराम कुशवाह सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें