सहारनपुर नई हलचल यू पी । विद्युत निगम की टीम ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार तड़के कैलाशपुर और सड़क दूधली क्षेत्र में छापेमारी की। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। टीम ने कई स्थानों पर घरों और प्रतिष्ठानों की जांच कर बिजली चोरी के मामले पकड़े।
विद्युत निगम की टीम ने 200 से अधिक स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी। कार्रवाई के दौरान कई लोग घरों में सो रहे थे, जिन्हें टीम ने जगाकर विद्युत कनेक्शन की जांच की। जांच में बिजली चोरी मिलने पर संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अधिकारियों के मुताबिक, बिजली चोरी के मामलों में संबंधित लोगों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई के साथ ही 135 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। टीम ने मौके पर बिजली चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे अवैध कनेक्शनों और अन्य साधनों की भी जांच की।
विद्युत निगम के अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीमों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में औचक जांच की जा रही है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली का उपयोग वैध कनेक्शन के माध्यम से ही करें और किसी भी तरह की बिजली चोरी से बचें









