खेत में डली लकड़ी के विवाद में मारपीट के बाद हुई थी वृद्ध की मौत, नटेरन पुलिस ने भोपाल से पकड़ा
नटेरन/विदिशा नई हलचल। थाना नटेरन पुलिस ने हत्या के मामले में तीन माह से फरार चल रही दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल विदिशा दाखिल कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 27 जून 2026 को फरियादी मान सिंह पिता काशीराम मीना (32), निवासी ग्राम ढाढौन ने थाना नटेरन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि खेत में डली लकड़ी के विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट की गई है। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 162/26, धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
बाद में दिनांक 30 जुलाई 2026 को घायल काशीराम मीना की इलाज के दौरान मृत्यु हो जाने पर प्रकरण में धारा 109(1), 103 बीएनएस का इजाफा कर इसे हत्या के मामले में परिवर्तित किया गया।
इस प्रकरण में आरोपी गोपाल मीना, शिवराज मीना एवं मनोहर मीना को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है, जो वर्तमान में उप जेल बासौदा में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध हैं। जबकि दो महिला आरोपी घटना दिनांक से ही फरार चल रही थीं।
पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी ने फरार महिला आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी एवं एसडीओपी गंजबासौदा शिखा भलावी के मार्गदर्शन में थाना नटेरन की टीम गठित की गई।
टीम ने साइबर सेल की मदद से दोनों फरार महिला आरोपियों को थाना मिसरोद, जिला भोपाल क्षेत्र से अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
बैजंती बाई उर्फ बैजा मीना पति गोपाल सिंह मीना, उम्र 58 वर्ष
आराम बाई मीना पुत्री गोपाल सिंह मीना, उम्र 26 वर्ष
दोनों निवासी ग्राम ढाढौन, जिला विदिशा
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी नटेरन निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार, साइबर सेल प्रभारी उनि. गौरव रघुवंशी, सउनि. गुरूदत्त शर्मा, प्रआर. नरसिंह यादव, प्रआर. रोहित रैकवार, आरक्षक धर्मेन्द्र अहिरवार, आरक्षक फूल सिंह शाक्य, आरक्षक यशपाल निगम एवं महिला आरक्षक रागनी कुर्मी (थाना हैदरगढ़) की सराहनीय भूमिका रही









