कुरवाई नई हलचल संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं अज्ञात चोरियों के शीघ्र पर्दाफाश हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुरवाई पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹15 लाख कीमत के चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण एवं ₹40,000 नगद बरामद किए हैं।
फरियादी देवेंद्र पिता शिवराज सिंह दांगी, उम्र 35 वर्ष, निवासी मेहलुआ चौराहा ने थाना कुरवाई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कि वह दिनांक 24.08.2026 को अपने छोटे भाई के पास गंजबासौदा गए थे।
दूसरे दिन वापस लौटने पर घर के दरवाजे की कुंडी टूटी मिली तथा अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी चोरी होना पाया गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कुरवाई में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
तकनीकी साक्ष्यों और CCTV विश्लेषण से मिली कामयाबी
प्रकरण के शीघ्र खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के 350 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले गए। 360° दृष्टि अभियान के तहत लगाए गए कैमरों से प्राप्त फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। पुलिस टीम ने इस दौरान 150 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज एवं सूचना तंत्र से प्राप्त महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसे चिन्हित किया गया।
प्राप्त सुरागों के आधार पर थाना कुरवाई पुलिस ने दिनांक 28.09.2026 को आरोपी आशीष सेन पिता गोपाल सेन, उम्र 25 वर्ष, निवासी अशोक नगर रोड, मेहलुआ चौराहा, थाना कुरवाई, जिला विदिशा को गिरफ्तार किया।आरोपी के कब्जे से करीब ₹15,00,000/- मूल्य का चोरी गया मशरूका विधिवत जप्त किया गया, जिसमें
01 सोने का हार, 01 पांचाली मंगलसूत्र, 01 जोड़ सोने की झुमकी, सोने के कान के टॉप्स एवं रिंग्स,
02 जोड़ चांदी की पायल, 01 जोड़ चांदी की बिछुड़ी, 01 जोड़ चांदी की करधोनी (कंडोरा) एवं अन्य आभूषण,तथा 40,000 हजार रुपए नगद जप्त किए।
माननीय न्यायालय में पेश किया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी आशीष सेन को दिनांक 29.09.2026 को माननीय न्यायालय कुरवाई के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
उक्त कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कुरवाई सुश्री रोशनी सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुरवाई के नेतृत्व में की गई।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक आर.के. मिश्रा (थाना प्रभारी कुरवाई), निरीक्षक योगेंद्र साहू (फिंगर प्रिंट), उप निरीक्षक शैलेंद्र नायक, प्रधान आरक्षक विपिन सिंह जादौन (विवेचक), प्रधान आरक्षक वीरेंद्र परमार, प्रधान आरक्षक टीकाराम, प्रधान आरक्षक दिलीप शर्मा, आरक्षक इंद्राज, आरक्षक फिरोज, आरक्षक सौरभ, आरक्षक लखन, महिला आरक्षक रूपाली एवं सैनिक परमानंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









