अजमेर नई हलचल अनिल कुमार। अजमेर में सोमवार को कंज्यूमर कोर्ट के सामने बड़ी संख्या में फूड पैकेट कचरे में पड़े मिले। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार यहां करीब एक हजार के आसपास फूड पैकेट दिखाई दिए, जिनमें पूड़ी-सब्जी और मिठाई सहित अन्य खाद्य सामग्री थी।
इतनी बड़ी मात्रा में खाने के पैकेट खुले में पड़े होने से सवाल उठने लगे कि आखिर ये पैकेट यहां किसने और किस उद्देश्य से छोड़े। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फूड पैकेट कहां से आए और इन्हें किसके द्वारा यहां फेंका गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने आशंका जताई कि संभवतः ये पैकेट किसी आयोजन या चुनावी गतिविधि के दौरान वितरण के लिए तैयार किए गए होंगे, हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए यह भी स्पष्ट नहीं है कि इनका वितरण क्यों नहीं किया गया।
लोगों का कहना है कि यदि खाद्य पैकेट वितरण के बाद बच गए थे और खाने योग्य थे, तो इन्हें जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सकता था। इस तरह खुले में खाने को फेंके जाने से खाद्य पदार्थों की बर्बादी को लेकर नाराजगी भी सामने आई।
एक ओर बड़ी संख्या में लोग भोजन की कमी से जूझते हैं, वहीं दूसरी ओर बड़ी मात्रा में तैयार भोजन का इस तरह कचरे में पड़ा मिलना गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब मुख्य सवाल यह है कि ये फूड पैकेट किसके थे, इन्हें यहां कौन लेकर आया और इन्हें खुले में क्यों छोड़ा गया? यदि किसी आयोजन से संबंधित होने की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदार पक्ष से भी जवाब मांगा जाना जरूरी होगा।
फिलहाल मामले में किसी व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी सामने नहीं आई है। खाद्य पैकेटों के स्रोत और उन्हें यहां छोड़ने वाले व्यक्ति या संस्था की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी









