नोएडा उत्तरप्रदेश नई हलचल देर रात एक स्लीपर बस में आग लग गई हादसा जेवर थाना इलाके में जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे दयानतपुर गांव के पास हुआ। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई इस घटना के समय बस (नंबर BR32 PA8647) में लगभग 35 से 50 यात्री सवार थे। बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है। बस ड्राइवर ने आग लगते ही वाहन को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। लेकिन तब तक अंदर धुआं तेजी से भर चुका था। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जो लोग निकल पाए, उन्होंने बाहर भागकर जान बचाई। कुछ यात्रियों ने खिड़की से छलांग लगाई।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह खाक हो चुकी थी। ज्वाइंट (सीपी) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया, आग लगते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई और अपनी जान बचाने के लिए लोगों ने खिड़कियों से नीचे कूदना शुरू कर दिया। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है। दमकल टीम ने आग बुझाने के बाद बस को ठंडा करने (कूलिंग प्रोसेस) का काम किया ताकि अंदर फंसे लोगों का रेस्क्यू किया जा सके।
राज कल्पना ट्रैवल्स की बस, चालक से पूछताछ
हादसे में जली बस का नंबर BR32 PA8647 बताया गया है। बस राज कल्पना ट्रैवल्स की थी और दिल्ली से महोबा जा रही थी। घायलों को नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में बस के फिटनेस और परमिट समेत जरूरी दस्तावेज वैध पाए जाने की बात सामने आई है। यात्रियों को आगे के सफर के लिए वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई।
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा बस हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके पर राहत और बचाव का काम तेज रखने को कहा









