लटेरी अशोक मीना नई हलचल | नगर में अवैध रूप से संचालित वाहन धुलाई सेंटरों के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। संचालक दुकान के अंदर की जगह सड़क पर ही बाइक और कारें खड़ी कर धोते हैं, जिससे पूरे दिन सड़क पर पानी और कीचड़ भरा रहता है।
आस्था का मुख्य मार्ग है तालाब वाला रास्ता – यह रास्ता नगर का आस्था का मुख्य मार्ग है। इसी मार्ग से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु हनुमान मंदिर और मस्जिद के लिए निकलते हैं। लोग सुबह नहा-धोकर, पूजा की थाली लेकर घर से निकलते हैं, लेकिन धुलाई सेंटरों से प्रेशर पाइप से निकलने वाली पानी की तेज फुहारों और कीचड़ से उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
NH-752B पर हादसे का खतरा – नेशनल हाईवे 752 बी पर भी कई सेंटर मेन रोड को ही अतिक्रमित कर बैठे हैं। हाईवे पर खड़ी गाड़ियों और सड़क पर फैले साबुन-पानी से बाइक सवार फिसल रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों के लिए यह जानलेवा साबित हो सकता है।
प्रशासन मौन, लोग परेशान – स्थानीय लोगों ने कई बार नगर परिषद और पुलिस को शिकायत दी, लेकिन आज तक एक भी सेंटर पर चालानी कार्रवाई नहीं हुई। सवाल उठता है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है









