अजमेर सब्जी मंडी की बदहाल व्यवस्था, जर्जर दुकानें और शौचालय की सुविधा नदारद

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्याऊ की टोटियां गायब, पानी की व्यवस्था भी ठप; खुले में पेशाब करने को मजबूर लोग, वसूली की पर्चियां नियमित कटने का दावा

अजमेर अनिल कुमार नई हलचल। शहर की सब्जी मंडी में इन दिनों मूलभूत सुविधाओं का अभाव मंडी में आने वाले व्यापारियों, ग्राहकों और आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। मंडी परिसर में कई दुकानें जर्जर हालत में नजर आ रही हैं, वहीं शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

मंडी परिसर में बनी प्याऊ की स्थिति भी बदहाल नजर आती है। प्याऊ पर लगी टोटियां गायब हैं और पानी की समुचित व्यवस्था दिखाई नहीं देती। जहां लोगों को गर्मी और भीड़भाड़ के बीच पीने का पानी मिलना चाहिए, वहां प्याऊ का उपयोग सब्जी रखने और बेचने के लिए होता नजर आ रहा है। इससे प्याऊ का मूल उद्देश्य ही प्रभावित होता दिखाई दे रहा है।

शौचालय के अभाव में खुले में पेशाब

मंडी में आने-जाने वाले लोगों के लिए शौचालय की पर्याप्त और साफ-सुथरी सुविधा नहीं होने के कारण परिसर के बाहर खुले में पेशाब किए जाने की स्थिति भी नजर आती है। इससे एक ओर स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं दूसरी ओर आसपास के लोगों और दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वाहनों से वसूली, लेकिन सुविधाओं पर सवाल

मंडी में आने-जाने वाले वाहनों से शुल्क वसूली के लिए पर्चियां काटी जा रही हैं। ऐसे में मंडी में आने वाले लोगों का सवाल है कि यदि प्रवेश अथवा पार्किंग आदि के नाम पर नियमित रूप से शुल्क लिया जा रहा है, तो मंडी परिसर में शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं है?

जर्जर दुकानों से भी खतरा

मंडी परिसर में कई दुकानों की हालत जर्जर बताई जा रही है। ऐसे में व्यापारियों और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और व्यापार के लिए पहुंचते हैं, इसलिए यहां मूलभूत सुविधाओं के साथ सुरक्षा व्यवस्था का दुरुस्त होना भी जरूरी है।

अब देखने वाली बात यह है कि संबंधित जिम्मेदार विभाग और मंडी प्रशासन इस समस्या को कब गंभीरता से लेते हैं और मंडी परिसर में पेयजल, शौचालय, स्वच्छता तथा जर्जर दुकानों की स्थिति सुधारने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें