बुलंदशहर नईहलचल जिले से पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में चार बच्चों की मां अपने ही रिश्ते के सगे भांजे के साथ घर छोड़कर चली गई। बेबस पति अपनी पत्नी की तलाश में दर-दर भटकने के बाद सोमवार को अपने मासूम बच्चों को साथ लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई।
जहांगीराबाद के गांव कटीयावली निवासी पीड़ित पति कमरुद्दीन ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसकी शादी को लगभग 14 वर्ष हो चुके हैं और उनके चार बच्चे हैं। पीड़ित का आरोप है कि उसका सगा भांजा अपने दो साथियों के साथ गांव आया था और उसने कथित रूप से नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी पत्नी को साथ ले जाने की साजिश रची। चार संतानों में से तीन बच्चे वर्तमान में पिता के पास हैं, जबकि सबसे छोटे करीब डेढ़ साल के मासूम को महिला अपने साथ ले गई है।
पीड़ित पति का दावा है कि उसकी पत्नी और भांजे के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था और इसी अवैध रिश्ते के कारण वह पूरे परिवार को छोड़कर भागी है। परेशान पति ने एसएसपी से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को जल्द से जल्द बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है









