प्रतापगढ़ कुंडा नई हलचल जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र में बुधवार (16 सितम्बर 2026) सुबह करीब 10 बजे एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जहाँ गेटमैन की सूझबूझ से तीन महिलाओं की जान तो बच गई लेकिन ट्रेन की चपेट में आने से 30 से 35 बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना प्रयागराज-लखनऊ रेलखंड पर स्थित खिदिरीपुर रेलवे फाटक (फाटक संख्या 17सी) के पास हुई। भारी बारिश के बीच कृष्णा राम का पुरवा (बिसहिया गांव) की तीन महिलाएं बकरियों का झुंड लेकर रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। उसी दौरान लखनऊ से प्रयागराज की तरफ जा रही इन्टरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन तेज रफ्तार में ट्रैक पर आ गई। ट्रेन को आता देख वहां तैनात गेटकीपर (गेटमैन) ने मुस्तैदी दिखाई और चिल्लाकर आवाज लगाते हुए महिलाओं को तुरंत रेलवे लाइन से दूर हटा दिया, जिससे उनकी जान बच गई।महिलाएं तो समय रहते पटरी से हट गईं, लेकिन बकरियों का झुंड ट्रेन की चपेट में आ गया। मौके पर ही करीब 30 से 35 बकरियों की कटकर मौत हो गई। ये बकरियां गांव के ही पशुपालक अशोक पासी और होरी पासी की थीं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है









