जन्मोत्सव पर सजा छप्पन भोग, दिनभर चला भंडारा और पालने में हुए बाबा के दर्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गंजबासौदा नई हलचल
राजस्थान के प्रसिद्ध लोक देवता बाबा रामदेव जी का जन्मोत्सव नगर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर नगर के चक्कस्वरूप नगर स्थित रामदेव मंदिर, राजेंद्र नगर स्थित रामदेव मंदिर एवं बहलोट स्थित करीब 45 साल पुराने बाबा रामदेव मंदिर सहित तीनों प्रमुख रामदेव मंदिरों में दिनभर धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में विधायक हरि सिंह रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष शशि अनिल यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। उन्होंने मंदिर पहुंचकर बाबा रामदेव जी की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
चक्कस्वरूप नगर स्थित बाबा रामदेव मंदिर में भाद्रपद शुक्ल द्वितीया (भादवा दूज) के अवसर पर बाबा रामदेव जी का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा।
जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में बाबा रामदेव जी की प्रतिमा का भव्य श्रृंगार किया गया। फूलों से किए गए आकर्षक श्रृंगार ने बाबा के दरबार की शोभा बढ़ा दी। मंदिर में बाबा को विधि-विधान से पंचामृत अभिषेक कराया गया तथा विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। हनुमान चौक से बाबा की ध्वजा और पिंड भरते हुए भक्तों का काफिला चक्क स्वरूप नगर स्थित बाबा रामदेव मंदिर तक पहुंचा। जहां भक्ति भाव के साथ मंदिर के शिखर पर बाबा की पचरंगी ध्वजा अर्पित की गई।
पालने में बाबा के दर्शन को उमड़ी भीड़, लगा 56 भोग
जन्मोत्सव के विशेष आकर्षणों में पालना दर्शन रहा। बाबा रामदेव जी की प्रतिमा को पालने में विराजमान कर श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गए। भक्तों ने पालने में विराजमान बाबा के दर्शन किए और अपनी मनोकामनाओं के साथ आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर परिसर में बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
जन्मोत्सव को लेकर चक्क स्वरूप नगर में विशेष सजावट की गई। मिल रोड से लेकर बाबा रामदेव मंदिर तक पूरी गली को झिलमिल रोशनी से सजाया गया, जिससे रात के समय पूरा क्षेत्र आकर्षक नजर आया। मंदिर पर भी विशेष विद्युत सजावट की गई थी। मंदिर परिसर में सुबह से भंडारे का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था पूरे दिन जारी रही। बड़ी संख्या में लोगों ने सेवा कार्य में भी सहभागिता की। मंदिर के संस्थापक और मुख्य पुजारी पंडित वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि बाबा रामदेव जी का 670वां जन्मोत्सव मनाया गया। उन्होंने बताया कि सुबह से ही भक्तों के आने का क्रम शुरू हो गया था। बाबा की प्रतिमा के पंचामृत अभिषेक, विशेष पूजन, श्रृंगार, छप्पन भोग, पालना दर्शन और भंडारे सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन पूरे दिन चलते रहे। जन्मोत्सव के दौरान चक्क स्वरूप नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें