
बासौदा नई हलचल थाना बासौदा शहर पुलिस ने चोरी की अर्टिगा कार को फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से बासौदा में बेचने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने चोरी की अर्टिगा कार MP09AF6665, कीमत लगभग 14.50 लाख रुपये बरामद की थी। मामले में पूर्व में एक आरोपी अरबाज खान को गिरफ्तार किया जा चुका है। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुरानी कार के डीलर दीपांश जैन को गिरफ्तार किया गया है।बासौदा
दिनांक 10 जनवरी 2026 को फरियादी बृजेश गोस्वामी ने थाना बासौदा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कि उसके घर के सामने खड़ी उसकी अर्टिगा कार क्रमांक MP09AF6665 को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बासौदा शहर में अपराध क्रमांक 13/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए चोरी गई अर्टिगा कार की तलाश एवं आरोपियों की पतारसी हेतु पुलिस टीम गठित की गई।
बासौदा शहर पुलिस ने गुलाबगंज पुलिस के सहयोग से तत्काल घेराबंदी कर चोरी गई अर्टिगा कार कीमती करीब 14.50 लाख रुपये बरामद की तथा मामले में आरोपी अरबाज खान पिता शकील खान, निवासी चंदन नगर, इंदौर को गिरफ्तार किया गया।
विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया, कि आरोपियों ने उक्त अर्टिगा कार इंदौर से किराये पर लेकर गंजबासौदा के पुरानी कार डीलर दीपांश जैन के माध्यम से फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर बासौदा निवासी बृजेश गोस्वामी को करीब 9 लाख रुपये में बेच दिया था। प्रकरण में करीब 8.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी पूर्वक हड़पने की बात भी सामने आई है।विवेचना के आधार पर थाना बासौदा शहर पुलिस द्वारा दीपांश जैन पिता राजकुमार जैन, निवासी पाठशाला के पास, बासौदा को गिरफ्तार किया गया।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक संजय बेदिया, थाना प्रभारी बासौदा शहर, उनि बी.एल. मालवीय, प्र.आर. सुरेश रघुवंशी, प्र.आर. सतेन्द्र रावत, आर. अभिषेक शुक्ला, आर. सतेन्द्र तोमर एवं आर. सरमन साहू का सराहनीय योगदान रहा









