शांति समिति की बैठक संपन्न

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

समितियों को झांकियों के लिए लेना होगा अस्थाई बिजलीकनेक्शन      गंजबासौदा नई हलचल
तहसील परिसर स्थित पटवारी सभागृह में शांति समिति के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें भविष्य में आने वाले त्योहारों के लिए रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सभी पंडालों को अस्थाई रूप से बिजली कनेक्शन लेना होगा, ताकि हमारे कर्मचारी पंडाल में बेहतर तरीके से विद्युत व्यवस्था कर सकें, और दुर्घटनाओं से बचाया जा सके। वहीं नागरिकों ने विद्युत मंडल के अधिकारियों से कहा कि नगर में जहां-जहां पर भी विद्युत को सप्लाई करने वाली केबल लाइन नीचे है, उन्हें टाइट किया जाए। वहीं नगर पालिका के कर्मचारी रास्ते में आने वाले पेड़ों की टहनियों की छटाई करवा दें। देखा गया है कि पांडालों में असामाजिक तत्व अपना डेरा डाले रहते हैं, जो आमजन के लिए खतरनाक सिद्ध होते हैं। अतः सभी समितियां अपने पंडालों में एक रजिस्टर रखें, जिस पर समिति के सदस्यों के नाम एवं मोबाइल नंबर अंकित हों। एस.डी.एम ने कहा कि घाटों पर श्रद्धालु अपने बच्चों को न ले जाएं, साथ ही थोड़े समय में ही पूजन पाठ समाप्त कर लें, ताकि वहाँ पर अधिक भीड़ जमा न हो। पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए समिति के सदस्यों ने सभी चौकों पर पुलिस के जवान तैनात करने के लिए कहा क्योंकि नव दुर्गा उत्सव के समय महिलाओं की संख्या अत्यधिक बढ़ जाती है । उनके तैनात रहने से असामाजिक तत्वों में भय व्याप्त रहेगा और भी किसी भी प्रकार की दुर्घटना करने से बचेंगे। समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि शाम 6:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक बड़े वाहनों के नगर के अंदर प्रवेश को प्रतिबंधित किया जावे। साथ ही डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया, कि वे रात्रि 10:00 बजे तक ही कम आवाज में डी.जे. बजाएं, अन्यथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जावेगी। अधिकारियों ने समिति के सदस्यों से कहा कि वह अपने पंडाल पर हर समय दो वॉलिंटियर्स तैनात करें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी होने पर तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दे सकें। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी, एस.डी.ओ.पी, तहसीलदार, दोनों थानों के थाना प्रभारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, विद्युत मंडल के अधिकारी व कर्मचारी, नगर के गणमान्य नागरिक, पत्रकार आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें