लिफ्ट हादसे में अधेड की मौत, दो घंटे चक्का जाम के बाद जांच पर सहमति

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अस्पताल प्रबंधन का दावा, लिफ्ट फ्लोर पर नहीं थी, CCTV में दर्ज है घटनाक्रम; जांच में पूरा सहयोग
गंजबासौदा नई हलचल
स्थानीय सर्वोदय हॉस्पिटल में लिफ्ट हादसे में घायल 55 वर्षीय जुगाली अहिरवार की भोपाल में उपचार के दौरान मौत के बाद मंगलवार को मामला गरमा गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जयस्तंभ चौक पर शव रखकर प्रदर्शन किया और FIR की मांग की। करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस के जांच के आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने CCTV फुटेज के आधार पर अपना पक्ष रखते हुए दावा किया है कि हादसे के वक्त लिफ्ट संबंधित फ्लोर पर मौजूद नहीं थी। अब पुलिस जांच में CCTV फुटेज और अस्पताल के रिकॉर्ड अहम कड़ी माने जा रहे हैं।
मालूम हो कि नगर के निजी चिकित्सालय सर्वोदय हॉस्पिटल में लिफ्ट हादसे में घायल उदयपुर क्षेत्र के ग्राम महोली निवासी 55 वर्षीय अधेड़ जुगाली अहिरवार (जुगल किशोर) की भोपाल के चिरायु हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जुगाली अहिरवार अपने पुत्र पप्पू के उपचार के लिए सर्वोदय हॉस्पिटल में मौजूद थे। उनकी मौत के बाद मंगलवार को परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जयस्तंभ चौक पर शव रखकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। वे पोस्टमार्टम कराने के लिए भी तैयार नहीं थे और पहले मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से चर्चा की और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। हादसे की परिस्थितियों, अस्पताल के रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन ने प्रेस नोट जारी कर बताया घटनाक्रम
इधर, सर्वोदय हॉस्पिटल के डायरेक्टर अमृतांशु यादव की ओर से प्रेस नोट जारी कर अस्पताल प्रबंधन ने घटना को लेकर अपना पक्ष रखा है। प्रेस नोट के अनुसार 7 सितंबर की सुबह करीब 10:43 बजे अस्पताल में हादसा हुआ। प्रबंधन के अनुसार CCTV रिकॉर्डिंग में दिखाई देता है कि जुगाली अहिरवार सुबह करीब 10:37 बजे अपने अस्पताल में भर्ती पुत्र पप्पू से मिलने के लिए लिफ्ट से पहुंचे थे। पुत्र से मिलने के करीब 5-6 मिनट बाद वे वापस लिफ्ट के पास आए।
प्रबंधन का दावा है कि इसी दौरान जुगाली अहिरवार ने लिफ्ट का गेट खोलने का प्रयास किया और गेट खुल गया। उस समय लिफ्ट संबंधित फ्लोर पर मौजूद नहीं थी, बल्कि नीचे से ऊपर की ओर आ रही थी। उन्होंने लिफ्ट के अंदर नीचे की ओर देखा और इसी दौरान, प्रबंधन के अनुसार, अज्ञात कारणों अथवा अनजाने में आगे की ओर कदम बढ़ा दिया, जिससे वे लिफ्ट के अंदर गिर गए। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उस समय लिफ्ट हॉस्पिटल के फ्लोर से करीब पांच फीट नीचे थी।
हादसे के बाद उपचार के लिए भोपाल भेजा, थाने में दी सूचना
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार हादसे के तत्काल बाद स्टाफ ने जुगाली अहिरवार को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार सहित आवश्यक चिकित्सा उपचार शुरू किया। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई तथा नियमानुसार देहात थाने में MLC भेजी गई।
प्रेस नोट के अनुसार घटना की जानकारी मिलने पर देहात थाने से प्रधान आरक्षक के.के. मिश्रा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने जुगाली अहिरवार के बयान लिए और लिफ्ट की भी जांच की। स्थिति को देखते हुए जुगाली अहिरवार को बेहतर एवं उच्च स्तरीय उपचार के लिए सर्वोदय हॉस्पिटल से भोपाल स्थित चिरायु हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
CCTV फुटेज जांच अधिकारियों को देने की बात
अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि पूरी घटना अस्पताल में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। प्रबंधन के अनुसार CCTV फुटेज थाना प्रभारी एवं संबंधित उच्च अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही जांच में आवश्यक सभी जानकारी एवं रिकॉर्ड उपलब्ध कराने और निष्पक्ष जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही गई है।
डायरेक्टर अमृतांशु यादव की ओर से जारी प्रेस नोट में जुगाली अहिरवार के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट की गई है साथ ही हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें