
सिरोंज नई हलचल। आदर्श शिक्षक पं. चंद्रमोहन शर्मा की स्मृति में रविवार को कुरवाई रोड स्थित अनंत श्री गार्डन में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लोक मंगल समिति एवं स्व. लक्ष्मीकांत शर्मा लोक कल्याण न्यास द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सिरोंज-लटेरी तहसील के लगभग 32 सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का शाल, श्रीफल, साफा, उत्तरीय, माला, मिष्ठान एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया गया विधायक उमाकांत शर्मा ने पुष्पवर्षा कर किया शिक्षकों का सम्मान, पैर छूकर लिया आशीर्वादकार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक उमाकांत शर्मा ने उपस्थित सभी वरिष्ठ शिक्षकों पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया। इसके साथ ही वरिष्ठ शिक्षकों को सम्मान पत्र एवं मिष्ठान भेंट किया गया। विधायक उमाकांत शर्मा ने वरिष्ठ शिक्षकों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया।शिक्षक देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है
शिक्षाविद् दिनेश राजोरिया ने संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक वह होता है जो छोटी-छोटी गलतियों को बिना बताए दूर कर देता है। शिक्षक दिवस केवल शिक्षकों के सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि देश और समाज के निर्माण में शिक्षकों के योगदान को याद करने का अवसर भी है। चाणक्य और द्रोणाचार्य जैसे अनेक उदाहरण हमारे सामने हैं। शिक्षक अंदर से मुलायम और बाहर से कठोर होना चाहिए, ताकि वह विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ सही दिशा दे सके।
विधायक जी हेड मास्टर की तरह हैं — प्रकाश भटनागर चीफ अनादि टीवी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनादि टीवी के प्रकाश भटनागर ने कहा कि यह पूरा परिवार शिक्षा विभाग से जुड़ा रहा है। इस क्षेत्र के लिए विधायक उमाकांत शर्मा हेड मास्टर की तरह हैं और क्षेत्रवासियों के साथ उनका आत्मीय संबंध परिवार जैसा है।
उन्होंने कहा कि आदर्श शिक्षक पं. चंद्रमोहन शर्मा का जीवन हमें यह संदेश देता है कि हमें केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाना चाहिए, बल्कि बच्चों के चरित्र का निर्माण और उनके भविष्य को संवारने का कार्य भी करना चाहिए। एक अच्छा शिक्षक जीवन में जीने की कला सिखाता है और उसके हाथों में आने वाली पीढ़ी का भविष्य होता है। भारतीय परंपरा में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है।
आदर्श शिक्षक के रूप में पहचाने जाते थे पं. चंद्रमोहन शर्मा
कार्यक्रम में श्री आशीष शर्मा एवं शिवकुमार मिश्रा द्वारा भूमिका वक्तव्य प्रस्तुत किया गया। उन्होंने आदर्श शिक्षक पं. चंद्रमोहन शर्मा के शिक्षकीय जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चंद्रमोहन शर्मा शहर में आदर्श शिक्षक के रूप में पहचाने जाते थे। हम भाग्यशाली हैं कि हमें ऐसे शिक्षक प्राप्त हुए।
उन्होंने बताया कि पं. चंद्रमोहन शर्मा का जन्म सिरोंज में हुआ था। उन्हें पुस्तैनी रूप से कोई विशेष संपत्ति प्राप्त नहीं हुई, लेकिन पांडित्य ज्ञान, ज्योतिष ज्ञान सहित विभिन्न विषयों पर उनका गहरा आधिपत्य था। उस समय वे मैट्रिक शिक्षित थे और एक समय भोजन करने जैसी सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनाते थे। उस समय शिक्षा का स्तर काफी कठिन था। आज भी उनके अनेक शिष्य समाज और देश की सेवा कर रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि पं. चंद्रमोहन शर्मा का चरित्र अनुकरणीय था। समय पर विद्यालय पहुंचना और ईमानदारी उनके व्यक्तित्व में कूट-कूटकर भरी थी। ज्योतिष एवं अन्य विषयों का भी उन्हें गहरा ज्ञान था।
दीप प्रज्ज्वलन एवं गुरुवंदना के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन, आदर्श शिक्षक स्व. चंद्रमोहन शर्मा एवं पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मीकांत शर्मा के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरोंज की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, वहीं कु. अदिति शर्मा द्वारा गुरुवंदना की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में भूमिका वक्तव्य के साथ अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समिति सदस्य, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इन शिक्षकों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर सिरोंज-लटेरी तहसील के सेवानिवृत्त शिक्षक तीतरसिंह अहिरवार, किशोरालाल अहिरवार, जगदीश प्रसाद शर्मा, मोहम्मद इकबाल खान, हजारीलाल भील, सतीशकुमार श्रीवास्तव, रमेशबाबू सक्सैना, श्रीमती पुष्पा भार्गव, मदनलाल भास्कर, बाबूलाल मीना, फरीद खान, फूलसिंह मीना, श्रीमती लक्ष्मी गुप्ता, मो. इमरान खां, चंद्रमोहन माली, तुलाराम प्रभाकर, खलक सिंह यादव, नौनीतराम अहिरवारी, हिम्मतसिंह बंशकार, सौदानसिंह यादव, श्रीमती खेमादेवी, सरोज नामदेव, कृष्णा यादव, हरिसिंह अहिरवार, राजेश बाबू शर्मा, राजेश टेलर, गुलनाज वानो, फूलसिंह अहिरवार, प्रेमसिंह जादोन, कृष्णबाबू सोनू, उमर फारूख खां एवं चौखेलाल भावसार शामिल हैं









