कहीं लोन की किस्त बनी पारिवारिक कलह की वजह, तो कहीं अपनों से प्रताड़ना और संपत्ति की चिंता—पुलिस पंचायत में बुजुर्गों को मिला संवेदनशील सहारा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

गंजबासौदा / विदिशा (नई हलचल)  पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी के मार्गदर्शन में विदिशा पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत का आयोजन किया गया। बैठक में पंचायत कोर कमेटी के सदस्य डॉ. सचिन गर्ग, श्री आर.के. कुलश्रेष्ठ, श्री विनोद के. शाह, श्री अजय टंडन, श्री प्रमोद व्यास एवं श्री पार्थ पीतलिया उपस्थित रहे।

पंचायत में वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित कुल 06 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें पारिवारिक विवाद, संपत्ति संबंधी विवाद, प्रताड़ना एवं देखभाल से जुड़ी समस्याओं पर दोनों पक्षों को विस्तारपूर्वक सुना गया तथा संवाद, समझाइश और आपसी सहमति के माध्यम से समाधान का प्रयास किया।
विदिशा निवासी एक वरिष्ठ महिला द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई कि उनके पुत्र एवं बहू द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा है। पंचायत कोर कमेटी द्वारा दोनों पक्षों को विस्तार से सुना गया। सुनवाई के दौरान सामने आया कि विवाद का मुख्य कारण लोन की किस्त जमा नहीं किया जाना था, जिसके चलते पारिवारिक तनाव बढ़ रहा था।पंचायत द्वारा संवेदनशीलता के साथ दोनों पक्षों को समझाइश एवं आवश्यक परामर्श दिया गया। समझाइश के बाद दोनों पक्ष लोन की किस्त समय पर जमा करने तथा परिवार में आपसी समन्वय एवं सौहार्द के साथ रहने के लिए सहमत हुए।
त्योंदा निवासी एक वरिष्ठ नागरिक द्वारा पुत्र की मृत्यु के बाद बहू द्वारा भूमि छीनने की धमकी देने एवं प्रताड़ित किए जाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की गई। पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनी गई। पंचायत कोर कमेटी की समझाइश के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से साथ रहने के लिए राजी हुए। आवेदक द्वारा अपनी संपत्ति का एक-तिहाई हिस्सा पोतियों एवं अनावेदिका के नाम करने पर सहमति व्यक्त की गई, जबकि अनावेदिका द्वारा परिवार के सदस्य की तरह सास-ससुर की देखभाल एवं सेवा करने की सहमति दी गई।
विदिशा निवासी 63 वर्षीय महिला द्वारा पुत्र द्वारा परेशान करने, मारपीट करने एवं घर से निकालने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की गई। पुलिस पंचायत द्वारा प्रकरण को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना गया तथा संबंधित पक्ष को आवश्यक समझाइश दी गई। सुनवाई के उपरांत आवेदिका द्वारा वर्तमान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होना बताते हुए पंचायत की कार्रवाई एवं समाधान से संतुष्टि व्यक्त की गई।
विदिशा निवासी 90 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक द्वारा पुत्र, बहू एवं नाती द्वारा मारपीट कर परेशान करने तथा खाने-पीने की उचित व्यवस्था नहीं किए जाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की गई।

पंचायत कोर कमेटी द्वारा दोनों पक्षों को विस्तार से सुना गया। सुनवाई के दौरान पारिवारिक परिस्थितियों एवं विवाद के कारणों को समझते हुए दोनों पक्षों को समझाइश दी गई। अनावेदक पुत्र द्वारा वरिष्ठ नागरिक की उचित देखभाल करने एवं भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने की सहमति दी गई। समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति व्यक्त की।वहीं
बैठक के दौरान अन्य प्रकरणों की भी सुनवाई की गई। कुछ मामलों में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा कुछ प्रकरणों में संबंधित पक्षों एवं साक्षियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आगामी सुनवाई की तिथियां निर्धारित की गईं।विदिशा पुलिस की सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित पारिवारिक एवं संपत्ति विवादों के समाधान के लिए संवाद, संवेदनशीलता और आपसी सहमति को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं का मानवीय एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें