
भोपाल नई हलचल/ रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के करीब एक महीने बाद भोपाल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी केयर टेकर वरुण कुमार को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे जब पुलिस टीम आरोपी को आगरा से भोपाल ला रही थी, तब मुगलिया छाप के पास उसने पुलिस टीम से झूमा-झटकी कर भागने की कोशिश की। पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल वरुण को तत्काल हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को आगरा से गिरफ्तार किया गया था। भोपाल लाते समय उसने भागने का प्रयास किया। अब उससे पूछताछ कर हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जाएगा।
आईएएस एसोसिएशन ने सीएम से की थी मुलाकात
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की हत्या के बाद आरोपी की गिरफ्तारी में देरी का मुद्दा आईएएस एसोसिएशन ने उठाया था। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने पहले मुख्य सचिव और फिर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की थी।
30 सितंबर की रात घर में हुई थी हत्या
30 सितंबर की रात सूरज नगर स्थित घर में रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। अगली सुबह पत्नी निशी अग्रवाल ने कमरे में उनका शव देखा था। शुरुआती जांच में घर की अलमारियों का सामान बिखरा मिला था। किचन में एलपीजी सिलेंडर का पाइप भी निकला हुआ था।
पुलिस को आशंका थी कि हत्या के बाद घर में आग लगाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। वारदात के बाद से ही घर में केयरटेकर के तौर पर काम करने वाला वरुण संदिग्ध था। अब उससे हत्या की वजह, वारदात की तैयारी, लूट की आशंका और फरारी के दौरान की गतिविधियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
हत्या के बाद से ही वरुण फरार था। उसकी तलाश में भोपाल पुलिस की कई टीमों को अलग-अलग राज्यों में भेजा गया था। पुलिस ग्वालियर, मथुरा, वृंदावन और पंजाब सहित कई जगह दबिश दे चुकी थी। जांच के दौरान आरोपी के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। आखिरकार उसे आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया








