भोपाल नई हलचल । राजधानी भोपाल में बुधवार, 4 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का भव्य आयोजन हुआ। अटल पथ से शुरू हुई इस पदयात्रा में हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सैलाब उमड़ पड़ा।
कार्यक्रम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। पहले तय था कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे, लेकिन ऐन मौके पर उनका दौरा रद्द हो गया। उनकी जगह केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भोपाल पहुंचे और उन्होंने ही पदयात्रा की कमान संभाली। कार्यक्रम की पूरी जानकारी
सुबह 10 बजे – सभा की शुरुआत: टीटी नगर स्थित अटल पथ पर सभा का आयोजन हुआ। सभा को जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संबोधित किया।
सभा के बाद – पदयात्रा: सभा के बाद पदयात्रा अटल पथ से शुरू हुई। पदयात्रा प्लेटिनम प्लाजा से आगे बढ़ते हुए न्यू मार्केट, जवाहर चौक होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक गई।
रोशनपुरा पर समापन: पदयात्रा का समापन रोशनपुरा पर हुआ, जहां समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नड्डा बोले – कांग्रेस समझ चुकी, सत्ता में नहीं आने वाली
अटल पथ पर आयोजित सभा में जेपी नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस समझ चुकी है कि जनता उसे आने वाले 20-30 साल तक सत्ता में आने का मौका नहीं देने वाली है। इसलिए वह चुनाव में हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है।
नड्डा ने राहुल गांधी की राजनीति को ‘हिट एंड रन’ बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में वोट चोरी के आरोप लगाए गए, लेकिन जब चुनाव आयोग ने हलफनामे के साथ सबूत मांगे तो कांग्रेस पीछे हट गई।
उन्होंने कहा कि भारत को प्रजातंत्र की जननी कहा जाता है। कांग्रेस और राहुल गांधी लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं। विपक्ष देश में गैर-जिम्मेदाराना रवैया दिखा रहा है।
‘EVM पर सवाल उठाने के बजाय आत्मचिंतन करें राहुल’
नड्डा ने ईवीएम पर सवाल उठाने को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने ईवीएम हैक करने की चुनौती दी थी, लेकिन कांग्रेस का कोई नेता सामने नहीं आया।
उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि ईवीएम और बैलेट पेपर पर सवाल उठाने के बजाय आत्मचिंतन करें। चुनाव में जीतना है तो जनता के दिलों में बसना होगा।
नड्डा ने राहुल गांधी को ‘अबोध बालक’ बताते हुए कहा कि उनकी स्थिति ऐसे बच्चे जैसी है, जो जीतने पर खुद को होशियार और हारने पर शिक्षक को बेईमान बताता है। चुनाव जीतने पर उन्हें सब कुछ सही लगता है, लेकिन हारने पर वे चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगते हैं।
नड्डा ने इमरजेंसी का भी उल्लेख किया और कहा कि मैं स्वयं इमरजेंसी का भुक्तभोगी रहा हूं। रामलीला मैदान में हुई इंडिया गठबंधन की रैली पर नड्डा ने कहा कि मंच पर चार लोग ऐसे थे जो बेल पर बाहर थे।
क्या बोले मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह जनसैलाब राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ जनता का गुस्सा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता का अटूट विश्वास है।
उन्होंने कहा कि इनको सत्ता नहीं मिल रही है तो हाय रे, हाय रे मोदी कर रहे हैं। मोदी कहीं नहीं जाएगा। कांग्रेस और राहुल गांधी के अराजकता फैलाने के प्रयासों का देश और प्रदेश की जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।
सीएम ने कहा कि लोकतंत्र पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपना रिकॉर्ड देखना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट का अपमान करने और चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुड़िया समझने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने सभा में राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
क्यों निकाली गई यह पदयात्रा
भाजपा ने यह अभियान कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आलोचना के जवाब में शुरू किया है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक प्रक्रियाओं को लेकर भ्रम फैला रही है और अराजकता फैलाने का काम कर रही है।
यह अभियान 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत 30 अक्टूबर को इंदौर और 2 नवंबर को जबलपुर में पदयात्रा हो चुकी है। भोपाल का कार्यक्रम इस अभियान का सबसे बड़ा आयोजन था। 
सभा में पहुंचीं मुस्लिम महिलाओं ने तीन तलाक लिखे बैनर लेने से किया इनकार पदयात्रा की सभा में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। सभा में पहुंचीं मुस्लिम महिलाओं ने तीन तलाक लिखे बैनर लेने से इनकार कर दिया। इस घटना ने सभा में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। वहीं दूसरी ओर तृतीय लिंग समुदाय के सदस्य और बुर्का पहनी मुस्लिम महिलाएं भी पदयात्रा में शामिल हुईं, जो चर्चा का विषय रहीं
कितनी भीड़ जुटी, कैसी रही व्यवस्था
भाजपा ने पदयात्रा में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया है। वहीं यातायात पुलिस के अनुमान के अनुसार 40 से 50 हजार लोग कार्यक्रम में पहुंचे। इनके लिए करीब 1,200 बसें और 2,000 चार पहिया वाहन भोपाल पहुंचे।
कार्यक्रम के कारण सुबह 8 बजे से ही शहर में डायवर्जन लागू कर दिया गया था। भदभदा चौराहा, भारत माता चौराहा, जवाहर चौक, माता मंदिर, रोशनपुरा, लिंक रोड-1 और पॉलिटेक्निक चौराहे के आसपास यातायात का भारी दबाव रहा। यात्रा को देखते हुए शहर के तीन बड़े स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई थी







