सिवनी /कटनी | नई हलचल
दीपावली की रात जब पूरा प्रदेश रोशनी और खुशियों में डूबा था, उसी रात मध्य प्रदेश के दो जिलों में आग ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में मकानों में लगी भीषण आग में कुल 12 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में 4 महिलाएं, 3 पुरुष और 5 बच्चे शामिल हैं। दोनों जगहों पर आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला।
कटनी | – बरही में तीन मंजिला मकान बना आग का गोला
कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्राकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, 14 साल की आर्या, 6 साल की अन्वी और 2 महीने का मासूम बच्चा शामिल है।
बताया जा रहा है कि 2 महीने का मासूम अपनी मां पूनम की गोद में ही तीसरी मंजिल के कमरे में था। आग फैलने पर मां-बेटे को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। चंद्रकला और परिवार की दोनों बच्चियां भी इमारत के दूसरे हिस्से में फंसी थीं। रेस्क्यू टीम ने सुबह उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और बाहर की ओर भागे, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य इमारत में ही फंसे रह गए।
रेस्क्यू में देरी, दमकल की पाइप फटी
रात करीब 12 बजे आग लगने के बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन करीब 1 बजे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से दूसरा दमकल वाहन पहुंचा, उसकी पाइप में भी खराबी बताई गई। इससे आग बुझाने के प्रयासों में बाधा आई और राहत कार्य में देरी हुई।
बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन बुलाए गए। आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सुबह तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर बचाव अभियान चलाया गया। इस दौरान बरही के स्थानीय युवाओं ने भी मोर्चा संभाला और राहत कार्य में मदद की।
सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद सुबह 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया।
कटनी अग्निकांड में मृतक –
पूरन अग्रवाल (77 वर्ष)
चंद्रकला (पत्नी)
पूनम (बहू)
आर्या (14 वर्ष)
अन्वी (6 वर्ष)
दो माह का मासूम
सिवनी | – छपारा में सराफा व्यापारी के घर में लगी आग, 6 की मौत
सिवनी जिले के छपारा में दीपावली की रात एक सराफा व्यापारी के मकान में आग लग गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 4 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं।
घटना के समय मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें से 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 6 की जान चली गई।
फायर ब्रिगेड की टीम सूचना पर मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रशासन की ओर से घटना की विस्तृत जानकारी और आग लगने के कारणों की जांच का इंतजार है।
सिवनी अग्निकांड में मृतक –
कुंदन लाल सोनी (75 वर्ष)
राजकुमारी सोनी (65 वर्ष)
ऋतु सोनी (42 वर्ष)
स्मृति सोनी (40 वर्ष)
सूर्या सोनी (45 वर्ष)
आदित्य सोनी (16 वर्ष)
हादसे में ये सुरक्षित –
अमायरा सोनी (7 वर्ष)
रितेश सोनी (45 वर्ष)
सौरभ सोनी (43 वर्ष)
आकर्ष सोनी (14 वर्ष)
दीपावली की खुशियों वाली रात दो जिलों में मातम में बदल गई। एक तरफ जहां लोग त्योहार मना रहे थे, वहीं इन दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दोनों घटनाओं ने त्योहारों के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और दमकल व्यवस्था की तैयारियों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं







