सिरोंज | नई हलचल ग्राम नेकान में कुएँ में डूबने से हुई दो लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु की घटना से पूरा गाँव शोक में डूबा हुआ है। स्वर्गीय श्रीमती गुड्डी बाई नायक पत्नी श्री धन सिंह नायक एवं स्वर्गीय श्री राजकुमार नायक की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
दुःख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने हेतु मध्यप्रदेश शासन के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय डॉ. मोहन यादव जी द्वारा दोनों दिवंगतों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये, कुल 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई।
शनिवार को सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा ग्राम नेकान पहुँचे और दोनों दिवंगतों के परिजनों को आर्थिक सहायता के स्वीकृति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने परिजनों से सौजन्य भेंट कर संवाद किया एवं उनकी कुशलक्षेम जानी।
दीपावली के पावन अवसर पर विधायक श्री शर्मा ने पीड़ित परिवार के बीच वस्त्र एवं मिठाई वितरित की तथा सभी बच्चों को टॉफियाँ भेंट कर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।
इस अवसर पर विधायक श्री शर्मा ने कहा कि सुख-दुःख में जनसेवा, संवेदना एवं आत्मीयता के साथ परिवार के बीच उपस्थित रहना ही हमारा कर्तव्य है। शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारीगण, अधिकारीगण उपस्थित थे







