श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से मचा बवाल, दो बार माफी मांग चुके धीरेन्द्र शास्त्री बोले – मैं कृष्ण का सेवक हूं, अपमान करना मेरा उद्देश्य नहीं था

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिवपुरी | नई हलचल  बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी को लेकर मचा विवाद अब सियासी और धार्मिक दोनों मोर्चों पर गरमा गया है। विवाद बढ़ने के बाद धीरेन्द्र शास्त्री दो बार वीडियो जारी कर माफी मांग चुके हैं। उन्होंने हाथ जोड़कर कहा है कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था, वे खुद भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं।

क्या था पूरा मामला

शिवपुरी जिले के करेरा में चल रही श्रीराम कथा के दौरान धीरेन्द्र शास्त्री ने मंच से कहा था कि हमारे राम सीधे हैं, तुम्हारे कृष्ण टेढ़े हैं। कथा का यह छोटा सा अंश सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। देखते ही देखते यह बयान पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया। यादव समाज के लोगों ने इसे भगवान श्रीकृष्ण का अपमान बताते हुए कड़ा विरोध शुरू कर दिया।

वायरल वीडियो में शास्त्री हंसते हुए और भाव में यह बात कहते नजर आ रहे थे। उनके समर्थकों का कहना है कि यह बात भक्ति के भाव में कही गई थी, जैसा कि ब्रज के संत प्रेमवश ठाकुर जी को उलाहना देते हैं। लेकिन विरोध करने वालों का कहना है कि मंच से इस तरह की तुलना करना उचित नहीं है, इससे करोड़ों भक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है।

विवाद बढ़ा तो जारी किया माफी वाला वीडियो

विवाद बढ़ने के बाद 2 नवंबर को धीरेन्द्र शास्त्री ने पहला वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा था कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के बीच किसी तरह का भेद करना उनका उद्देश्य नहीं था। यदि उनकी बातों से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वे इसके लिए क्षमा चाहते हैं।

इसके बाद भी विरोध नहीं थमा तो उन्होंने केन्या के नैरोबी से दूसरा वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी भक्ति परंपरा और ब्रज की प्रेमपूर्ण अभिव्यक्ति के संदर्भ में थी। उनकी मंशा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के बीच अंतर बताने की नहीं थी।

उन्होंने कहा, मेरा नाम ही कृष्ण है। मैं ठाकुर जी का सेवक हूं, उनका भक्त हूं। मैं खुद उनका भक्त होकर उनका अपमान कैसे कर सकता हूं। कभी-कभी जोश में आकर, भाव में आकर बात निकल जाती है। अगर किसी को बुरा लगा है तो मैं हाथ जोड़कर क्षमाप्रार्थी हूं।

धीरेन्द्र शास्त्री ने यह भी कहा कि भगवान राम और श्रीकृष्ण एक ही हैं, दोनों में कोई अंतर नहीं है। उनकी टिप्पणी का उद्देश्य दोनों आराध्यों के बीच भेद पैदा करना या किसी तरह का विभाजन करना नहीं था।

कई जगह शिकायतें, एफआईआर की मांग

इस बयान को लेकर कई शहरों में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। मेरठ में सपा नेताओं ने एसएसपी के पास पहुंचकर शिकायत दी। दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में भी मानहानि और धार्मिक भावना आहत करने की शिकायत दर्ज कराई गई। ग्वालियर में भी एसपी को आवेदन देकर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

वाराणसी में संस्कृति संसद में सुमेरु पीठाधीश्वर स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने भी कहा कि किसी भी कथावाचक को ऐसी अनर्गल टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हों।

सियासत भी गरमाई

इस मामले पर राजनीति भी तेज हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने धीरेन्द्र शास्त्री पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने यदुवंशियों और रघुवंशियों, दोनों की भावनाएं आहत की हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा पर ईशनिंदा करने वालों के प्रवेश वर्जित का बोर्ड लगना चाहिए।

वहीं, बिहार के नेता तेजस्वी यादव सहित कई अन्य नेताओं ने भी इस बयान की निंदा की। सोशल मीडिया पर भी लोग दो खेमों में बंट गए। एक वर्ग धीरेन्द्र शास्त्री की माफी को स्वीकार करने की बात कह रहा है, तो दूसरा वर्ग कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है।

माफी के बाद भी नहीं थमा विरोध

धीरेन्द्र शास्त्री की माफी के बाद भी कुछ संगठनों का विरोध जारी है। उनका कहना है कि माफी मांगने से मामला खत्म नहीं होगा। ग्वालियर और अन्य जगहों पर प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई है। दूसरी ओर, बागेश्वर धाम के अनुयायी कह रहे हैं कि गुरुजी ने हाथ जोड़कर दो बार माफी मांग ली है, अब इस विवाद को और नहीं बढ़ाना चाहिए।

फिलहाल धीरेन्द्र शास्त्री विदेश यात्रा पर हैं। उन्होंने अपने वीडियो में भक्तों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि सनातन धर्म को बांटने की कोशिश करने वालों से सावधान रहें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें