अशोकनगर: कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ सर्व समाज का उग्र प्रदर्शन, गांधी पार्क में पुतला दहन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अशोकनगर नई हलचल। शहर के गांधी पार्क पर मंगलवार को सर्व समाज के लोगों ने कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी को लेकर सर्व समाज के लोग गांधी पार्क पर एकत्र हुए और विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मुर्दाबाद के नारे लगाए। उनका कहना था कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बार-बार देवी-देवताओं और महापुरुषों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लोगों ने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियों से समाज में आक्रोश फैल रहा है और धार्मिक सौहार्द पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी कथावाचक या धर्मगुरु को देवी-देवताओं के बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने इसके अलावा करवा चौथ के व्रत को लेकर ‘खसम पूजा’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि करवा चौथ भारतीय संस्कृति और सुहागिन महिलाओं की आस्था से जुड़ा पर्व है, इसके बारे में इस तरह के शब्दों का प्रयोग करना आस्था का अपमान है।

इसी तरह छत्रपति शिवाजी महाराज और भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के संबंध में की गई कथित टिप्पणियों को लेकर भी लोगों ने विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महापुरुषों और आराध्य देवों के प्रति सभी को सम्मान रखना चाहिए।

प्रदर्शन के बाद सर्व समाज के लोगों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि कथित टिप्पणियों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी न करे।

ज्ञापन सौंपते समय लोगों ने प्रशासन से यह भी मांग की कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और संबंधित वीडियो व बयानों की जांच कराई जाए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें