अग्निवीरों का कार्यकाल 2 साल बढ़ा, सीडीएस ने खुद की घोषणा, अब 6 साल बाद सभी को सेना में समाहित करने का रास्ता खुला

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली | नई हलचल /अग्निवीरों को लेकर चल रही अटकलों पर आज बुधवार, 4 नवंबर को विराम लग गया। केंद्रीय कैबिनेट ने अग्निवीरों को 2 साल का सेवा विस्तार देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके बाद चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद इस बड़े फैसले की घोषणा की।

सीडीएस ने साफ कहा कि अब अग्निवीरों का कार्यकाल 4 साल का नहीं, बल्कि 6 साल का होगा। अतिरिक्त 2 साल की सेवा को ‘सेकेंड टूर ऑफ ड्यूटी’ कहा जाएगा।

कैबिनेट ने क्या-क्या मंजूर किया

सीडीएस के अनुसार, केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को ही इस योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत दो बड़े फैसले लिए गए हैं –

1. 25 प्रतिशत को सीधे स्थायी नौकरी: 4 साल की सेवा पूरी होने पर मेरिट के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित कैडर में स्थायी सैनिक के रूप में समाहित (Absorb) किया जाएगा। यह चयन पूरी तरह मेरिट और ऑब्जेक्टिव चयन मानदंडों पर होगा।

2. बाकी बचे अग्निवीरों को 2 साल का एक्सटेंशन: जो 75 प्रतिशत अग्निवीर 4 साल बाद बाहर होने वाले थे, उन्हें 2 साल के अतिरिक्त सेवा विस्तार का ऑफर दिया जाएगा। यानी वे कुल 6 साल तक सेना में रह सकेंगे।

सबसे बड़ा बदलाव: 6 साल बाद सबको मौका

इस बार सरकार ने सबसे बड़ा बदलाव यह किया है कि 2 साल का एक्सटेंशन पूरा होने के बाद सभी अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में समाहित करने का रास्ता खोल दिया गया है। सीडीएस ने कहा कि जब यह 2 साल का अतिरिक्त कार्यकाल पूरा होगा, तब सभी अग्निवीरों को ऑब्जेक्टिव चयन मानदंडों के आधार पर सेना में शामिल किया जाएगा।

यानी अब 4 साल बाद बाहर होने का डर लगभग खत्म हो गया है। पहले जहां सिर्फ 25 प्रतिशत को ही स्थायी होने का मौका मिलता था, वहीं अब 6 साल की सेवा के बाद बाकी जवानों के लिए भी स्थायी होने का दरवाजा खुल गया है।

पहले बैच को मिलेगा सीधा फायदा

अग्निपथ योजना 2022 में लागू हुई थी। पहले बैच के करीब 18,300 अग्निवीरों का 4 साल का कार्यकाल नवंबर-दिसंबर 2026 में पूरा हो रहा है। नौसेना का पहला बैच 21 नवंबर को सेवामुक्त होने वाला था। कैबिनेट की आज की मंजूरी और सीडीएस की घोषणा के बाद पहले बैच को ही इस फैसले का सबसे पहला लाभ मिलेगा। उन्हें अब सेवामुक्त नहीं होना पड़ेगा।

सेना की जरूरत और जवानों की चिंता दोनों दूर

सेना लंबे समय से कह रही थी कि एक अग्निवीर को ट्रेनिंग में ही डेढ़ से दो साल लग जाते हैं। जब वह पूरी तरह तैयार होता है, तभी उसकी सेवा खत्म हो जाती थी। इससे सेना की तैयारियों पर असर पड़ता था। वहीं, जवानों और उनके परिवारों में 4 साल बाद भविष्य को लेकर चिंता थी। आज के फैसले से दोनों ही चिंताएं दूर हो गई हैं।

सीडीएस की घोषणा के बाद अग्निवीरों और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं में खुशी की लहर है। युवाओं का कहना है कि अब अग्निवीर बनना सिर्फ 4 साल की नौकरी नहीं, बल्कि सेना में लंबे करियर का रास्ता बन गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें