सिरोंज नई हलचल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संभावित सिरोंज दौरे की सूचना मात्र से ही सोमवार को प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर करीब 5 घंटे तक सिरोंज में ही डटे रहे। उन्होंने पूरे शहर में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर सबसे पहले बस स्टैंड पहुंचे, जहां प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड के लिए जमीन समतलीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पहुंच मार्ग की स्थिति को देखा। इसके साथ ही आसपास की साफ-सफाई और अतिक्रमण को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
इसके बाद कलेक्टर ने नगर की अन्य समस्याओं को भी नजदीक से देखा और समझा। उन्होंने सड़कों की हालत, पेयजल व्यवस्था, अस्पताल की व्यवस्थाएं, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ ही कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार, नगर परिषद सीएमओ, पुलिस अधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संभावित दौरे की खबर ने ही प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया। पूरे दिन सिरोंज में अधिकारी भागदौड़ में नजर आए। स्थानीय लोगों में भी चर्चा है कि यदि मुख्यमंत्री का दौरा तय होता है तो सिरोंज को कई सौगातें मिल सकती हैं।








