खातेगांव से गुजरात तक फैला शराब तस्करी का सिंडिकेट, लाइसेंस, फाइनेंस और ट्रांसपोर्ट का था पूरा नेटवर्क

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवास नई हलचल/खातेगांव क्षेत्र से जुड़े शराब तस्करी के एक बड़े सिंडिकेट का जो ताना-बाना सामने आया है, उसने आबकारी और पुलिस महकमे में भी हलचल मचा दी है। सामने आए विवरणों के अनुसार यह कोई छोटा-मोटा अवैध कारोबार नहीं था, बल्कि एक सोची-समझी व्यवस्था के तहत चलाया जा रहा संगठित नेटवर्क था। इसमें हर व्यक्ति की भूमिका पहले से तय थी। कोई लाइसेंस संभाल रहा था, कोई ऑपरेशन चला रहा था, कोई पैसा लगा रहा था और कोई माल को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने का काम कर रहा था।

तीन दुकानें, एक ही लाइसेंसधारी

सामने आए विवरण में बड़वानी से जुड़े व्यक्ति को तीनों दुकानों का आधिकारिक लाइसेंसधारक बताया गया है। उनकी हिस्सेदारी 10 प्रतिशत बताई जा रही है। आरोप है कि लाइसेंसी दुकानों की आड़ में ही अवैध कारोबार को वैधता का आवरण दिया जाता था। कागजों में सब कुछ नियमानुसार दिखता था, लेकिन पर्दे के पीछे से माल की सप्लाई का दूसरा ही खेल चल रहा था। जांच में अब यही बिंदु सबसे अहम माना जा रहा है कि लाइसेंस किस प्रक्रिया से लिए गए, दुकानों का संचालन वास्तव में कौन कर रहा था और स्टॉक रजिस्टर में दर्ज माल और असल में बेचे जा रहे माल में कितना अंतर था।

टिमरनी से चलता था ऑपरेशन

टिमरनी से जुड़े व्यक्ति को इस पूरे सिंडिकेट का मुख्य ऑपरेटर और सप्लाई मैनेजर बताया गया है। उनकी हिस्सेदारी 30 प्रतिशत बताई जा रही है। आरोप है कि रोजमर्रा का पूरा संचालन, किस दुकान पर कितना माल भेजना है, कहां से माल उठाना है, किस ड्राइवर को किस रूट पर भेजना है, यह सब कुछ यहीं से तय होता था। सूत्रों के अनुसार ऑपरेटर का नेटवर्क स्थानीय स्तर पर इतना मजबूत था कि माल की कमी कभी महसूस ही नहीं होने दी जाती थी।

इंदौर से संभाली जाती थी माल और दुकानों की व्यवस्था

इंदौर के मनीष जायसवाल को माल और दुकानों की व्यवस्था संभालने वाला पार्टनर बताया गया है। उनकी हिस्सेदारी भी 30 प्रतिशत बताई जा रही है। आरोप है कि इंदौर से ही दुकानों के लिए माल की व्यवस्था, हिसाब-किताब और सप्लाई चेन को नियंत्रित किया जाता था। इंदौर जैसे बड़े शहर में बैठकर पूरे नेटवर्क को संभालना इसलिए आसान था क्योंकि यहां से ट्रांसपोर्ट, संपर्क और पैसों के लेन-देन की व्यवस्था आसानी से हो जाती थी।

अहमदाबाद से होता था फाइनेंस और गुजरात में खपत का खेल

सिंडिकेट की सबसे अहम कड़ी अहमदाबाद से जुड़ी बताई जा रही है। मोहिन जायसवाल को मुख्य फाइनेंसर बताया गया है, जिनकी हिस्सेदारी भी 30 प्रतिशत है। आरोप है कि गुजरात में माल खपाने की पूरी व्यवस्था इन्हीं के जिम्मे थी। गुजरात में शराबबंदी लागू है, इसलिए वहां अवैध शराब की मांग और कीमत दोनों ज्यादा होती है। इसी वजह से इस नेटवर्क के लिए गुजरात सबसे बड़ा बाजार बन गया था। आरोप है कि फाइनेंसर की ओर से ही माल खरीदने के लिए पैसा लगाया जाता था और गुजरात में माल पहुंचने के बाद मुनाफे का हिसाब होता था।

ट्रांसपोर्ट से जुड़ी अहम कड़ी

अलीराजपुर के केरम सिंह चंगोड़ को ट्रांसपोर्ट व्यवस्थापक बताया गया है। आरोप है कि उन्होंने ड्राइवर को आयशर ट्रक उपलब्ध कराया था। जांच में ट्रांसपोर्ट की भूमिका को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि बिना सुरक्षित ट्रांसपोर्ट के इतने बड़े पैमाने पर माल को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाना संभव नहीं था। ट्रक में माल कैसे छिपाया जाता था, कौन से रूट का इस्तेमाल होता था और चेकपोस्ट से बचने के लिए क्या तरीके अपनाए जाते थे, इन सभी सवालों के जवाब जांच में तलाशे जा रहे हैं।

इंदौर से जुड़ा एक और सक्रिय नाम

इंदौर के विजय राव को राहुल जायसवाल का सहयोगी बताया गया है। सामने आए विवरण में उनकी नेटवर्क में सक्रिय भूमिका बताई जा रही है। आरोप है कि वह ऑपरेशन और सप्लाई के बीच समन्वय का काम देखते थे। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कितने लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए थे।

कैसे चलता था पूरा खेल

सूत्रों के अनुसार सिंडिकेट का कार्य करने का तरीका कुछ इस तरह था। लाइसेंसी दुकानों के नाम पर माल उठाया जाता था। कागजों में माल एक जगह दिखाया जाता था, लेकिन असल में वह दूसरी जगह पहुंचा दिया जाता था। गुजरात भेजे जाने वाले माल के लिए अलग से व्यवस्था की जाती थी। ट्रक के जरिए माल को इस तरह भेजा जाता था कि रास्ते में पकड़े जाने का खतरा कम रहे। पैसों का लेन-देन भी सीधे तौर पर नहीं, बल्कि कई माध्यमों से होने की बात सामने आ रही है।

अब जांच की दिशा

फिलहाल यह पूरा मामला जांच के दायरे में है। आबकारी विभाग और पुलिस की ओर से लाइसेंस, स्टॉक, ट्रांसपोर्ट के दस्तावेज, मोबाइल कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच की बात कही जा रही है। अगर आरोप सही साबित होते हैं तो यह खातेगांव क्षेत्र से संचालित होने वाले सबसे बड़े शराब तस्करी नेटवर्क में से एक माना जाएगा। स्थानीय लोगों में भी इस खुलासे के बाद चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस तरह के कारोबार की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब जब नाम और भूमिकाएं सामने आई हैं तो पूरा चित्र साफ होने लगा है ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने टी आई पुरी की पत्नी को एस आईं पद पर अनुकंपा नियुक्ति एवं 1 करोड़ रुपए की सहायता की घोषणा की है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें